UP: पुलिस भर्ती परीक्षा की उलटी गिनती शुरू, 17 केंद्रों पर कड़ी निगरानी, 8232 अभ्यर्थी आजमाएंगे किस्मत
मुजफ्फरनगर में 8 से 10 जून तक होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 17 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 8232 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 8 जून से शुरू होने वाली परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी। परीक्षा के लिए 17 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8232 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए।
तीन दिन, दो पालियां और 8232 अभ्यर्थी
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित होगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर कुल 8232 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut: गैंगस्टर उधम सिंह पर पुलिस ने घोषित किया एक लाख का इनाम, कई राज्यों में दबिश, तलाश तेज
परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 17 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 17 केंद्र व्यवस्थापक, 36 सहायक केंद्र व्यवस्थापक और 686 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। अधिकारियों को परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रों पर रहेंगी सभी जरूरी सुविधाएं
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी कमियों को दूर किया जाए। केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, पंखे तथा महिला और पुरुष शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा परीक्षा शुरू होने से पहले और समाप्ति तक सभी सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। परीक्षा कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशासन ने दी सतर्कता बरतने की हिदायत
बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करें ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।