पीलीभीत: ससुराल आए युवक का शव नहर में मिला, जेब से सल्फास बरामद, आत्महत्या की आशंका
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में तीन दिन से लापता युवक का शव नहर से बरामद हुआ। उसकी जेब में सल्फास रखा मिला, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र में कनाकोर गांव के पास बुधवार सुबह नहर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से सल्फास बरामद हुआ। उसकी पहचान बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी अनोखेलाल प्रजापति के रूप में हुई। वह तीन दिन पहले जहानाबाद क्षेत्र के गांव उमड़सड़ स्थित अपनी ससुराल आया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों ने कनाकोर नहर में एक युवक का शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराई गई।
रविवार शाम से लापता था युवक
पुलिस की जांच में सामने आया कि अनोखेलाल रविवार 25 अक्तूबर को अपनी ससुराल आया था। परिजनों के मुताबिक, उसे शराब पीने की लत थी। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। रविवार शाम को वह अचानक ससुराल से चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
बुधवार को उसका शव नहर में मिला। तलाशी के दौरान जेब से सल्फास बरामद होने के बाद जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।