UP News: पीलीभीत की महिला से बरेली में दुष्कर्म, युवक ने धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र निवासी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दूसरे समुदाय के युवक पर आरोप लगाया है। आरोप है कि युवक ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव भी बनाया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विस्तार
जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम कुकरीखेड़ा निवासी इरशाद अंसारी उर्फ नन्हे ने उसे तीन बीघा जमीन दिलाने का लालच दिया। वह 22 अप्रैल को बरेली के नवाबगंज क्षेत्र स्थित गंगवार कॉलोनी के एक किराये के मकान में ले गया। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने उस पर पति से तलाक लेने, धर्म परिवर्तन करने और निकाह करने का दबाव बनाया।
परिवार को दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि 22 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और पति को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद दोनों मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो चुका था।
नकदी और दस्तावेज भी ले गया आरोपी
मकान मालिक की मौजूदगी में ताला तोड़कर जब अंदर देखा गया तो महिला के 25 हजार रुपये नकद, गहने, बीमा बांड, मार्कशीट, आयुष्मान कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य जरूरी दस्तावेज गायब मिले। आरोप है कि आरोपी यह सामान भी अपने साथ ले गया। महिला ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी शादी का झांसा देकर उससे 50 हजार रुपये और सोने के आभूषण ले चुका है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
