Pratapgarh News: एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में घायल, पुलिस टीम को कुचलने का किया प्रयास
दिलीपपुर थाना क्षेत्र में रविवार की मध्यरात्रि को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रसोइया मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देख बिना नंबर की ब्रेजा कार सवार दो बदमाश भागने लगे और फायरिंग कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिलीपपुर थाना क्षेत्र में रविवार की मध्यरात्रि को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रसोइया मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस को देख बिना नंबर की ब्रेजा कार सवार दो बदमाश भागने लगे और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दिलीपपुर पुलिस व स्पेशल टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की।
क्षेत्राधिकारी पट्टी ने कहा कि पुलिस टीम रसोइया मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की और तेज रफ्तार से वाहन भगा दिया। पीछा करने पर कार शहीद स्मारक गेट से जंगल की ओर भागी और पुलिया से टकराकर गड्ढे में फंस गई।
कार से उतरते ही दोनों बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आफताब निवासी बासुपुर व नौशाद अली निवासी तिलौरी, थाना लीलापुर के रूप में हुई। दोनों ने कबूला कि वे सीधे-साधे लोगों का एटीएम कार्ड बदलकर महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश व यूपी समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी से रुपये निकालते थे।
पुलिस ने मौके से 2 तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 4 खोखा व 1 मिस कारतूस बरामद किए। नौशाद के पास से 11,600 नकद, 2 एटीएम कार्ड व 2 आधार कार्ड मिले। आफताब के पास से 6,558 नकद, 4 एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, आधार कार्ड व आरसी बरामद हुई। घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की ब्रेजा कार भी कब्जे में ली गई है।
क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज रघुवंशी ने बताया कि आफताब पर लालगंज थाने में हत्या के प्रयास, लूट समेत 4 मुकदमे दर्ज हैं। नौशाद पर जौनपुर के मछलीशहर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है। दिलीपपुर थाने में विधिक कार्यवाही की जा रही है।