Rahul Gandhi In Prayagraj : मंच होगा न नेताओं का भाषण, सीधे छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी
यहां मंच नहीं होगा, न नेताओं का भाषण होगा। छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए केपी इंटर कॉलेज मैदान पर कोरिडोर बनाया जाएगा, जिसपर राहुल गांधी सीधे युवाओं के बीच जाएंगे और उनसे रूबरू होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यहां मंच नहीं होगा, न नेताओं का भाषण होगा। छात्रों से सीधा संवाद करने के लिए केपी इंटर कॉलेज मैदान पर कोरिडोर बनाया जाएगा, जिसपर राहुल गांधी सीधे युवाओं के बीच जाएंगे और उनसे रूबरू होंगे। यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को राहुल गांधी के आठ अगस्त को प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को दी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट पेपर लीक, परीक्षाओं में धाधली जैसे मुद्दों पर संगम नगरी के केपी इंटर कॉलेज मैदान पर छात्राें से संवाद करेंगे।
प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद उज्जवल रमण सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं और एआइसीसी दिल्ली से आई टीम ने संयुक्त बैठक प्रयाग मंडल के पदाधिकारियों के साथ की। सिविल लाइंस स्थित शंकर मेमोरियल हॉल में प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों के भविष्य पर गंभीर असर डाला है। 2024 के बाद 2026 में भी पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे युवाओं में निराशा और डिप्रेशन बढ़ा है। कई छात्र-छात्राएं आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं जो बेहद दुखद है। कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों से पढ़ाई छीनने वाले, देश बेच रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा की केंद्र एवं प्रदेश सरकार को प्रयाग से छात्र जवाब देने के लिए तैयार हैं। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी ने किया। इस मौके पर पूर्व विधयाक विजय प्रकाश, अनुग्रह नारायण सिंह, शहर फुजैल हाशमी, जिला अशोक पटेल, अशफाक अहमद समेत अखिलेश सिंह, मुकुंद तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, विवेकानंद, हसीब अहमद, गौरव पांडेय, किशोर वार्ष्णेय, आदेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
छात्र नेता रजनीश सिंह समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व नेता रहे रजनीश सिंह रिशु ने अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। रविवार को सिविल लाइंस स्थित शंकर मेमोरियल हॉल में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी बैठक करने आए नेताओं की मौजूदगी में छात्र नेता रजनीश सिंह कांग्रेस में शामिल हुए। प्रदेश प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता ले रहे रजनीश को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।