{"_id":"69c527587a503913800f9193","slug":"rampur-azam-khan-facing-oppression-in-jail-ajay-rai-meets-with-family-members-2026-03-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"रामपुर: जेल में आजम खां के साथ हो रहा जुल्म, सरकार तानाशाही पर उतरी, अजय राय ने परिजनों से की मुलाकात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर: जेल में आजम खां के साथ हो रहा जुल्म, सरकार तानाशाही पर उतरी, अजय राय ने परिजनों से की मुलाकात
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
Published by: Vimal Sharma
Updated Thu, 26 Mar 2026 06:02 PM IST
विज्ञापन
सार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आजम खां के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इसके बाद उन्होंने कहा कि बीमार होने के बाद भी सपा नेता को जमीन पर सुलाया जा रहा है। वह जल्द ही उनसे जेल में मुलाकात करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आमज खां की पत्नी तजीन फात्मा से की मुलाकात
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
रामपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जेल में बंद सपा नेता आजम खां के परिवार से मुलाकात के बाद सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि बीमार होने के बावजूद उन्हें जमीन पर सुलाया जा रहा है।
Trending Videos
उन्होंने इसे राजनीतिक प्रताड़ना करार दिया और जल्द ही जेल में मुलाकात करने की बात कही। बृहस्पतिवार दोपहर अजय राय आजम खां के आवास पहुंचे और करीब 45 मिनट तक उनकी पत्नी तजीन फात्मा व बड़े बेटे अदीब आजम से बंद कमरे में मिले।
विज्ञापन
विज्ञापन
बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार ने बताया कि कोर्ट के आदेशों के बावजूद आजम खां को जेल में जमीन पर सुलाया जा रहा है, जबकि उनकी तबीयत लगातार खराब है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीमार नेता को इलाज और सम्मानजनक सुविधाएं न देना मानवाधिकारों का उल्लंघन है।
सरकार विपक्षी नेताओं को खत्म करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जेल में आजम खां से मिलने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाती है और मुलाकात के दौरान एलआईयू कर्मी मौजूद रहते हैं।
राय ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा में अपराधी लोग सत्ता के शीर्ष पदों पर बैठे हैं, जबकि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जेलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया और कहा कि कांग्रेस आजम खां व उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
मामले को प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर तक उठाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि वह जल्द ही जेल जाकर आजम खां से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य व अधिकारों को लेकर कानूनी व राजनीतिक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, पूर्व विधायक संजय कपूर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित, आसिम राजा सहित कई नेता मौजूद रहे।