Mission 2027: यूपी के इस जिले में हर चौथा वोटर युवा, नई पीढ़ी के हाथ जीत-हार की चाबी, बदलेंगे चुनावी समीकरण
Mission Election: सहारनपुर की अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में करीब 5.75 लाख युवा वोटर हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग चौथाई हिस्सा हैं। ऐसे में आगामी चुनाव में युवा मतदाता जीत-हार के समीकरण तय कर सकते हैं।
विस्तार
सहारनपुर में एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी हो चुकी है। मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष के करीब 40 हजार मतदाता हैं। 18 से 29 वर्ष के युवा वोटरों की संख्या पौने छह लाख हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 23.65 लाख है। यानी मतदाता सूची में हर चौथा वोटर 18 से 29 वर्ष के बीच का है। ऐसे में चुनावी समीकरण बदलने के लिए युवा पीढ़ी पूरी तरह से तैयार है, जो इस बार निर्णायक की भूमिका में रहेंगे।
इंटरनेट और सूचना प्रौद्योगिकी वाले दौर में इन युवा वोटरों को अपने पाले में करने के लिए हर पार्टी पूरी तरह से जोर आजमाइश करती है। पिछले विधानसभा चुनावों की बात करें तो इस पीढ़ी को लुभाने के लिए पार्टियों ने वादों का पिटारा भी खोला था।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: पुराने रेलवे यार्ड में मिला युवक का सड़ा-गला शव, पहचाना मुश्किल, CCTV व खंगाल रही पुलिस
नए वोटरों पर टिकीं निगाहें
आमतौर पर सभी पार्टियों ने लैपटाॅप, मोबाइल फोन से लेकर युवा महिला वोटरों के लिए स्कूटी तक दिए जाने का वादा चुनावों में किया था। अब जब वोटरों के बीच अच्छी खासी संख्या में युवा वोटर है, तो कम हार-जीत के अंतर वाली सीटों पर सभी की निगाहें इन वोटरों पर रहेंगी।
विधानसभा वार युवा मतदाताओं की स्थिति
जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर भी युवाओं की संख्या काफी अहम है।
-20 से 29 वर्ष के युवा वोटरों की कुल संख्या 5,33,855 है। ऐसे में 29 वर्ष तक की आयु वाले कुल 5,74,804 वोटर हैं।
-बेहट विधानसभा में 18 से 19 वर्ष के मतदाता 5607 तो 20 से 29 वर्ष के मतदाता 87669 हैं।
-नकुड़ विधानसभा में 18 से 19 वर्ष के 5502, जबकि 20 से 29 वर्ष के वोटरों की संख्या 78211 हैं।
-सहारनपुर नगर विधानसभा में 18 से 19 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 8028, 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 81674 हैं।
-देहात विधानसभा में 18 से 19 वर्ष के वोटर 6277 हैं। 20 से 29 वर्ष के वोटरों की संख्या 81,988 है।
18-19 वर्ष के करीब 40 हजार नए मतदाता
देवबंद विधानसभा में 18 से 19 आयुवर्ग के वोटरों की संख्या 5027 हैं। 20 से 29 वर्ष के 64,946 हैं। रामपुर मनिहारान में 18 से 19 वर्ष के 5496, 20 से 29 वर्ष के 66,706 वोटर हैं। गंगोह में 18 से 19 वर्ष के मतदाता 5012 हैं। इसी विधानसभा पर 20 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 72,661 हैं। जिले की सातों विधानसभा में से तीन विधानसभाओं नगर, देवबंद और नकुड़ में जीत का अंतर बेहद कम रहा था।
