Saharanpur: नदी किनारे चल रही थी अवैध असलहा फैक्टरी, पुलिस ने मारा छापा, हथियार बनाने वाला गिरफ्तार
सहारनपुर के फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस ने पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में चल रही अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर निर्मित और अर्धनिर्मित हथियार, कारतूस, उपकरण और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई। पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर जनपद के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में संचालित अवैध असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान हथियार बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे और निशानदेही पर निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस, हथियार बनाने के उपकरण तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस अब अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather Update: मानसून की रफ्तार सुस्त, गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी, बारिश के लिए अभी दो दिन और इंतजार
गुप्त सूचना पर नदी किनारे मारा छापा
पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक ने सोमवार को पुलिस लाइन में बताया कि फतेहपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि बुड्ढाखेड़ा स्थित पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में बने एक कमरे में अवैध असलहा फैक्टरी संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और गांव गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ निवासी रोहित उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान एक तीन सौ पंद्रह बोर का तमंचा, दो बारह बोर की पोना बंदूक, तीन सौ पंद्रह बोर के छह अर्धनिर्मित तमंचे, तीन सौ पंद्रह और बारह बोर की दो-दो नाल, तीन सौ पंद्रह बोर के दो तथा बारह बोर के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
हथियार बनाने के उपकरण भी मिले
छापेमारी के दौरान हथियार तैयार करने में प्रयुक्त ग्राइंडर, हथौड़ी, रेती, आरी, ब्लेड, पेचकस, प्लास, स्प्रिंग, डाई, रेगमाल, गैस सिलेंडर, चूल्हा सहित कई छोटे-बड़े उपकरण भी जब्त किए गए। मौके से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय स्तर पर होती थी हथियारों की आपूर्ति
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्थानीय स्तर पर अवैध हथियारों की आपूर्ति करता था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके संपर्क किन लोगों से थे और इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।