UP: बीएड परीक्षा के दौरान बिजली के बिल पर लिखकर लाया नकल का फर्रा, उड़न दस्ते ने पकड़े नौ परीक्षार्थी
सहारनपुर के जेवी जैन कॉलेज में बीएड की वार्षिक परीक्षा के दौरान उड़न दस्ते ने नौ परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा। एक परीक्षार्थी बिजली के बिल पर उत्तर लिखकर परीक्षा देने पहुंचा था।
विस्तार
सहारनपुर में बीएड की वार्षिक परीक्षा के दौरान नकल का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी बिजली के बिल पर बारीक अक्षरों में उत्तर लिखकर परीक्षा देने पहुंचा था, लेकिन उड़न दस्ते की औचक जांच में उसकी हौंशियारी पकड़ में आ गई। इस दौरान कुल नौ परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए।
औचक निरीक्षण में पकड़े गए नकलची
इन दिनों मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। इसी क्रम में जेवी जैन कॉलेज में बीएड की परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान उड़न दस्ते ने औचक निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान अलग-अलग कक्षों से नौ परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए।
यह भी पढ़ें: खौफनाक: पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर फंदे पर झूला पति, महीने भर के मासूम को भी न बख्शा, ये थी विवाद की वजह
किसी ने बिल पर लिखा, किसी ने बाजू पर
उड़न दस्ते की जांच में पता चला कि एक परीक्षार्थी बिजली के बिल पर बहुत ही बारीक अक्षरों में प्रश्नों के उत्तर लिखकर लाया हुआ था। वहीं कुछ परीक्षार्थियों ने अपनी बाजू पर ही उत्तर लिख रखे थे। उड़न दस्ते की सक्रियता का असर यह रहा कि परीक्षा की अगली पाली में कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया।
परीक्षा को शुचितापूर्ण कराने पर जोर
कॉलेज के प्राचार्य एवं वरिष्ठ केंद्र व्यवस्थापक प्रोफेसर वकुल बंसल ने बताया कि अतिरिक्त सतर्कता के कारण सभी नकलची पकड़े गए हैं। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षाओं को शुचितापूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराना प्राथमिकता है।