सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   Teenager Missing for Four Days Murdered; One Eye Gouged Out

Saharanpur News: चार दिन से लापता किशोर की हत्या, एक आंख निकाली

संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर Updated Thu, 30 Apr 2026 01:41 AM IST
विज्ञापन
Teenager Missing for Four Days Murdered; One Eye Gouged Out
विज्ञापन
नागल(सहारनपुर)। चार दिन से लापता गांव जोला डिडौली निवासी अजय सैनी (17) का शव सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर बोहड़पुर में काली नदी के पास सड़क किनारे गड्ढे में मिला है। उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। एक आंख निकाल रखी है। सिर के बाल काटे गए और शव को जलाने का भी प्रयास किया गया, जिससे तंत्र क्रिया में हत्या की आशंका जताई जा रही है। गांव के लोग थाने पहुंचे। पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
Trending Videos

रविवार शाम अजय सैनी एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव में ही गया था। वह देर रात तक नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। उसका फोन भी बंद मिला। इसके बाद पिता सागर सैनी ने सोमवार को थाने पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात को सूचना मिली कि काली नदी के पास गड्ढे में एक किशोर का शव पड़ा है। इस पर पुलिस ने अजय के परिजनों को मौके पर बुलाया। उन्होंने उसकी पहचान अजय के रूप में की। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में शुरू से ही लापरवाही बरती, जिसकी वजह से अजय जिंदा नहीं मिल सका। शव मिलने के बाद भी पुलिस मामले को हादसे का रूप दे रही थी, जबकि शव चार दिन पुराना है। मौके पर शव को रात में ही डाला गया है। अजय के पिता सागर सैनी ने बड़गांव के गांव महेशपुर निवासी अजय सैनी, पहाड़पुर निवासी सुशील, राकेश और नयागांव निवासी सुरेंद्र सैनी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। इनमें से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
--------

-- बिजली के उपकरण ठीक करने का काम सीख रहा था
सागर सैनी किसान हैं। मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार की गुजर बसर कर रहे हैं। पांच बच्चों में बड़ी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी हैं। अजय सैनी का एक जुड़वा भाई है। अजय पढ़ाई छोड़कर बिजली के उपकरण ठीक करने का काम सीख रहा था। अजय की हत्या के बाद क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।


--------

-- तंत्र क्रिया की भी जताई जा रही आशंका
अजय की जिस तरह से हत्या की गई है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह तंत्र क्रिया की भेंट चढ़ा हो। उसकी एक आंख निकाली गई है, जो शव के पास भी नहीं मिली है। सिर के बाल भी काटे गए हैं। पेट पर भी जलाने के निशान हैं। परिजन किसी से भी अपनी या अजय की रंजिश नहीं बता रहे हैं। ऐसे में उसकी हत्या की वजह भी सामने नहीं आ पा रही है। घर से गायब होने वाले दिन अजय को महेशपुर निवासी उसके हमनाम अजय के साथ देखा गया था। इसी आधार पर परिजनों ने अजय और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। हालांकि, उन्होंने अजय को क्यों मारा है इसका जवाब अभी मृतक के परिजनों के पास नहीं है।
-------
-- वर्जन
सिडकी-झबरेड़ा मार्ग पर गांव बोहड़पुर के पास सड़क किनारे गड्ढे में किशोर का शव मिला है। हत्या, आत्महत्या और हादसा तीनों ही बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- मयंक पाठक, एसपी देहात
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed