'हम हरिद्वार जाएंगे': आसान नहीं होगा तमन्ना का बुर्के में कांवड़ लाना, इस वजह से प्रशासन ने किया जाने से मना
सावन माह की शुरुआत हुई तो तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी ने फिर से हरिद्वार जाने की योजना बनाई। इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को हुई तो उप जिलाधिकारी विकासचंद्र के माध्यम से तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को धारा 126/130/132 के तहत नोटिस जारी किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीते वर्ष बुर्के में कांवड़ लाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुर्खियां बटोरने वाली तमन्ना मलिक के सामने इस बार हरिद्वार जाना आसान नहीं होगा। संभल प्रशासन ने तमन्ना मलिक और उसके पति अमन त्यागी को इस बार बुर्के में गंगाजल लाकर जलाभिषेक करने पर 20 हजार रुपये के मुचलके में पाबंद किया है। हालांकि, इस पाबंदी के बावजूद तमन्ना के पति अमन त्यागी ने पहले की तरह ही गंगाजल भरकर लाने का दावा किया है।
तीन साल पहले तमन्ना ने की थी अमन से शादी
असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी तमन्ना मलिक ने गांव के हिंदू युवक अमन त्यागी से करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हिंदू रीति रिवाज से शादी की। अब दो बच्चे हैं। पहली बार वह दस फरवरी को बुर्का पहनकर पति के साथ हरिद्वार से कांवड़ लाई थीं। उस समय क्षेमनाथ तीर्थ पर जलाभिषेक किया था। इसके बाद उन्हें धमकियां मिलीं, जिस पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की थी।
'तमन्ना कांवड़ लेकर आईं तो शांति व्यवस्था भंग हो सकती'
सावन माह की शुरुआत हुई तो तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी ने फिर से हरिद्वार जाने की योजना बनाई। इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को हुई तो उप जिलाधिकारी विकासचंद्र के माध्यम से तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को धारा 126/130/132 के तहत नोटिस जारी किया गया। इसमें बताया कि तमन्ना और अमन के संप्रदाय अलग-अलग होने के कारण बीते वर्ष दो संप्रदायों के बीच तनाव का माहौल हो गया था। ऐसे में इस वर्ष यदि भी पहले की तरह कांवड़ लेकर आईं तो शांति व्यवस्था भंग हो सकती है।
पुलिस रिपोर्ट से एसडीएम सहमत
एसडीएम विकासचंद्र ने बताया कि असमोली पुलिस की रिपोर्ट से वह सहमत हैं और दोनों से शांति व्यवस्था भंग होने का पूरा अंदेशा है। इसलिए दोनों को छह माह के लिए 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है। इसका उल्लंघन करने पर अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हम जरूर जाएंगे-अमन त्यागी
तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने बताया कि बीते वर्ष जब पत्नी तमन्ना मलिक बुर्के में कांवड़ लाई थी, तब तमाम लोगों ने उनका समर्थन किया और स्वागत किया। ऐसे में किसी की भावनाएं आहत होने का हवाला कैसे दिया जा सकता है? उन्होंने सवाल उठाया कि देश में रोज हिंदुओं की भावनाएं आहत की जा रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जबकि भावनाएं आहत करने वालों को सम्मान दिया जा रहा है। हमें नोटिस दिया गया है। जबकि संविधान में किसी के भी अधिकारों का हनन करने का अधिकार किसी को नहीं हैं। तमन्ना मलिक कांवड़ लेने जाएंगी। वह खुद उनके साथ जाएंगे। संवाद
एसडीएम का बयान
शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन का दायित्व है। यह किसी हाल में भंग न हो, इस लिहाज से संबंधित व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाती रही है। इसी तरह तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। शांतिभंग होने के अंदेशे में दोनों को 20-20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया है। उल्लंघन होने पर यह राशि जब्त कर ली जाएगी। -विकासचंद्र, एसडीएम, संभल।