Shahjahanpur News: सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, सिपाही की मौत, पशु चिकित्सक और चालक घायल
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में सोमवार की रात सड़क हादसा हुआ। सड़क पर खड़े ट्रक से पशु विभाग की एंबुलेंस टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार सिपाही विकास सांगवान की मौत हो गई। पशु चिकित्सक और चालक घायल हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा क्षेत्र में सोमवार रात पशु विभाग की एक एंबुलेंस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार मीरानपुर कटरा थाने के सिपाही विकास सांगवान, वेटरनरी चिकित्सक लक्ष्य सिंह और चालक अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बरेली के एक निजी अस्पताल में सिपाही विकास सांगवान की मौत हो गई।
तिलहर की सीओ इशिका सिंह ने बताया कि हादसा सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। एंबुलेंस को अनिल चला रहा था, जबकि सिपाही और चिकित्सक बैठे हुए थे। अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई। मीरानपुर कटरा कस्बे से थोड़ा पहले सड़क किनारे खड़े ट्रक से एंबुलेंस टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बरेली के निजी अस्पताल में सिपाही ने तोड़ा दम
सूचना मिलने के बाद पीआरवी मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सीएचसी लेकर आई। कांस्टेबल विकास सांगवान को बरेली के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पशु चिकित्सक लक्ष्य सिंह और चालक अनिल कुमार का इलाज चल रहा है।
हरियाणा के रहने वाले थे विकास
28 वर्षीय सिपाही विकास सांगवान हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम थाना क्षेत्र के गांव संडवा के रहने वाले थे। 23 अक्तूबर 2020 में वह यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। थाना सदर बाजार में रहने के बाद वह 30 जून 2024 को मीरानपुर कटरा थाने में तैनात किए गए थे।