Shahjahanpur News: शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने खाया जहर, नाबालिग प्रेमिका की मौत
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। इससे नाबालिग प्रेमिका की मौत हो गई। प्रेमी युवक का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने गांव में पहुंचकर जांच पड़ताल की।
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार में छह मार्च को घर से जाने के बाद वापस आने पर प्रेमी ने जहर खा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रेमिका ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। लड़की मौत हो गई है, जबकि प्रेमी का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लड़की के नाबालिग होने और दूसरी जाति से होने के चलते ही दोनों ही परिवार शादी के पक्ष में नहीं थे।
खुटार क्षेत्र के एक गांव के युवक का 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों छह मार्च की रात घर से चले गए थे। पिता ने सात मार्च को युवक और उसके पिता पर नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। जानकारी होने पर किशोरी प्रेमी युवक के साथ सात मार्च को ही घर लौट आई थी। रिपोर्ट दर्ज होने का पता चलने पर आठ मार्च को युवक ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवक का इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें- अग्निवीर भर्ती: चार चरणों में शारीरिक परीक्षा, इतने मिनट में दौड़ पूरी करने पर मिलेंगे 60 अंक; जानें डिटेल
हालत बिगड़ने पर परिवार को लगा पता
उधर जानकारी होने पर किशोरी ने सोमवार सुबह जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने जहर खाने के बारे में बताया। इलाज के लिए ले जाने की तैयारी के दौरान ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पिता ने बताया कि सात मार्च को लड़की वापस घर आ गई थी। आरोपी भी अपने घर आ गया था। नौ मार्च को वह लड़की को लेकर थाने आ रहे थे, लेकिन लड़की ने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
किशोरी के पिता ने युवक पर दर्ज कराई थी रिपोर्ट
सूचना पाकर सीओ प्रवीण मलिक भी मौके पर पहुंचे और किशोरी के परिजनों से पूछताछ की। शाहजहांपुर से पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता ने युवक पर किशोरी को ले जाने और युवक के पिता पर लड़की को गायब कराने में सहयोग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच की रही थी। सोमवार को जानकारी मिली कि लड़की की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई गई है। मैंने भी मौका मुआयना किया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
