शाहजहांपुर: दो कारोबारियों के ठिकानों पर जीएसटी टीम का छापा 2.5 करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी
जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा की 11 टीमों ने तिलहर में लोहे के कारोबार से जुड़े दो व्यापारियों की दुकानों और गोदामों में जांच की। जांच में पांच गोदाम अवैध पाए गए। दुकानों और गोदामों पर मिले सामान को सील कर दिया गया। टीम के मुताबिक 2.5 करोड़ की कर चोरी का मामला सामने आया है।
विस्तार
शाहजहांपुर के तिलहर में जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीमों ने शुक्रवार से रविवार सुबह चार बजे तक लोहे के दो कारोबारियों की दुकानों और गोदामों में जांच की। टीम के मुताबिक 2.5 करोड़ की कर चोरी का मामला सामने आया है। दो दुकानें और पांच गोदाम अवैध पाए गए। उन्हें जीएसटी टीम ने सील कर दिया।
एसआईबी के प्रभारी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि टीम ने बिरियागंज में नगर पालिका के सामने विवेक अग्रवाल और उनके भाई वैभव अग्रवाल की दुकानों के साथ हाईवे पर अग्रवाल धर्मकांटे के पास बने सात गोदामों की जांच की। उन्होंने बताया कि करीब 2.5 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। कारोबार से संबंधित अभिलेख भी कब्जे में लिए गए हैं।
जीएसटी करने के लिए एक सप्ताह का समय
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को जीएसटी जमा करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में कर जमा नहीं करने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच अभियान में राज्यकर अधिकारी ताराचंद उपाध्याय, असिस्टेंट कमिश्नर राहुल कुमार, बरेली की असिस्टेंट कमिश्नर मुन्नी देवी, अनुज कुमार, टैक्स ऑफिसर प्रदीप कुमार, पीलीभीत की टीम के पंकज और असिस्टेंट कमिश्नर कल्पना आदि शामिल रहे।