Shahjahanpur News: 20 रुपये का नोट उठाने के प्रयास में बस से गिरा यात्री, पहिये से कुचला हाथ, हालत नाजुक
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में 20 रुपये के चक्कर में एक युवक की जान खतरे में पड़ गई। रोडवेज बस में सफर के दौरान परिचालक से रुपये वापस लेते समय 20 रुपये का नोट नीचे गिर गया, जिसे उठाने के प्रयास में युवक सड़क पर गिर गया। उसका हाथ पहिये से कुचल गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में रोडवेज बस में गिरे 20 रुपये का नोट उठाने के दौरान बंडा के गांव लुहिची निवासी सतीश कुमार गिर गए और बस के पहिए से कुचलकर गंभीर घायल हो गए। उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सतीश कुमार मंगलवार सुबह रोडवेज बस से बंडा से शाहजहांपुर जा रहे थे। उन्होंने टिकट के लिए परिचालक सायरा बानो को रुपये दिए थे। परिचालक ने शेष राशि टिकट पर लिख दी थी। पुवायां से निकलने के बाद सतीश रुपये लेने परिचालक के पास गए थे। रुपये लेने के दौरान 20 रुपये का नोट गेट के पास गिर गया। सतीश नोट उठाने के लिए झुके तो वह बस से नीचे गिर गए। उनका एक हाथ बस के पहिए के नीचे आकर कुचल गया।
पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया
चालक हरजीत सिंह ने बस रोककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को पुवायां सीएचसी भिजवाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सतीश को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
डॉक्टर ने बताया कि सतीश का दाहिना हाथ बुरी तरह से कुचल गया है। पुलिस ने बस को बड़ागांव चौकी पर खड़ा करा लिया है। बस के यात्रियों को दूसरी बस से शाहजहांपुर भेजा गया है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि यात्री बस से गिरकर घायल हो गया था। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।