UP: बहुत परेशान करती थी पत्नी, इसलिए मार डाला, शाहजहांपुर में 70 साल के बुजुर्ग ने कबूला जुर्म
शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में अपनी पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी हरिपाल को जेल भेज दिया गया। उसने खुद को भी गोली मारी थी। पुवायां सीएचसी में उसका उपचार कराया गया। इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बनाया, जिसमें आरोपी कह रहा है कि पत्नी बहुत परेशान करती थी। इसलिए मार डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के गांव महोलिया वीरान में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी हरिपाल ने अपना जुर्म कबूल किया। सीएचसी में इलाज के दौरान उसने कहा कि पत्नी बहुत परेशान करती थी। इसीलिए गोली मार दी। हरिपाल की बात का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला।
हरिपाल (70 वर्ष) ने 14 जुलाई की शाम लगभग पांच बजे घास लेकर आ रही अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (65) के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हरिपाल ने आत्महत्या के इरादे से अपने पेट में गोली मारने का प्रयास किया था, लेकिन गोली पेट से रगड़ती हुई निकल गई थी, जिससे हरिपाल भी घायल हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे तमंचा सहित पकड़ लिया था और सीएचसी भिजवाया था।
सीएचसी पर इलाज के दौरान किसी ने हरिपाल का वीडियो बनाया। वीडियो में हरिपाल ने बताया कि पत्नी लक्ष्मी देवी बेटे-बहू से लड़ाई कराती थी। 14 जुलाई की सुबह विवाद हुआ तो बेटे ने उसे मारने के लिए डंडा उठा लिया। बहू ने भी अपशब्द कहे थे। इसी बात से परेशान होकर वह तमंचा लेकर पत्नी का घर से निकलने का इंतजार करने लगा। चारा लेकर आ रही पत्नी मिल गई तो गोली मार दी। खुद भी गोली मार ली थी लेकिन वह बच गया।
लक्ष्मी देवी के बड़े पुत्र नरोत्तम ने मां की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नरोत्तम ने पुलिस को बताया कि उसके पिता और मां में अक्सर विवाद होता रहता था। दो महीने में कई बार विवाद हो चुका था। 14 जुलाई को घरेलू झगड़े के बाद पिता हरिपाल ने मां को गोली मार दी, जिससे मां की मौत हो गई। बुधवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद लक्ष्मी देवी का शव पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
बोला- रोज-रोज का झगड़ा एक बार में ही हुआ खत्म
हत्या के आरोप में जेल जाते समय हरिपाल के चेहरे पर पत्नी की हत्या का कोई भी पछतावा नहीं दिखा। हरिपाल बोला कि रोज-रोज की लड़ाई से अच्छा एक बार में ही लड़ाई समाप्त हो गई। हरिपाल का पुत्र पप्पू धान की रोपाई करने मध्य प्रदेश गया था। मां की हत्या की जानकारी पाकर वह भी बुधवार को घर पहुंचा और बिलख उठा। प्रधान गुरमेज सिंह ने कहा कि हरिपाल का परिवार संपन्न है। हरिपाल ने कभी किसी से विवाद नहीं किया, पता नहीं उसके मन में क्या आया कि पत्नी को गोली मार दी।
सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि हरिपाल का पत्नी से काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह लड़कों से विवाद हुआ तो पत्नी लड़कों का पक्ष लेने लगी। इसी बात से नाराज होकर हरिपाल ने पत्नी को गोली मार दी। तमंचा बहुत पहले से ही उसके पास था। आरोपी फिलहाल जेल में है। मामले में जांच की जा रही है।