Education: माध्यमिक स्कूलों में शिक्षक डायरी, स्टूडेंट्स डाउनलोड करेंगे डिजिटल बुक्स, एक अप्रैल से होगा बदलाव
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए सत्र 2026-27 के लिए बदलाव किए। शिक्षक डायरी होगी, विद्यार्थी डिजिटल पुस्तकें दीक्षा पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे और कॅरिअर गाइडेंस पोर्टल 'पंख' पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सत्र 2026-27 के लिए शैक्षिक पंचांग (एकेडमिक कैलेंडर) जारी कर दिया है। नए शैक्षिक सत्र से माध्यमिक विद्यालयों में काफी बदलाव नजर आएंगे। अब पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, बैंक अधिकारी, सेवा योजना अधिकारी, न्यायिक सेवा अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को कॅरिअर के प्रति जागरूक करेंगे।
वहीं, कक्षा नौ से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों का कॅरिअर गाइडेंस पोर्टल ''पंख'' पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों की प्रगति और प्रयासों पर फीडबैक देने के लिए छात्र डायरी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: आत्महत्या: जिस सुडौल और फिट शरीर पर था गुरूर, वही बना मौत की वजह, गुस्से में खुद की जांघ में चाकू मारा, मौत
सभी शिक्षकों को शिक्षक डायरी दी जाएगी। इसमें उनकी शिक्षण योजना, दैनिक कार्य और अन्य गतिविधियों का उल्लेख होगा। प्रधानाचार्य और निरीक्षण अधिकारी नियमित रूप से इस डायरी का अवलोकन करेंगे। वहीं, शैक्षणिक गतिविधियों में जीवन कौशल शिक्षा को शामिल करने के लिए प्रत्येक विद्यालय में सप्ताह में दो वादन (असेंबली/वाद-विवाद) निर्धारित किए गए हैं।
पाठ्यक्रम और डिजिटल संसाधन एनसीआरटी की पाठ्य पुस्तकें दीक्षा पोर्टल पर ई-बुक्स के रूप में उपलब्ध हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर इनके लिंक दिए गए हैं। यहां से विद्यार्थी पुस्तकें डाउनलोड कर सकते हैं। अन्य शिक्षण सामग्री भी दीक्षा पोर्टल और यूट्यूब पर उपलब्ध है। विद्यालयों में केवल परिषद द्वारा मुद्रित पाठ्यपुस्तकों से ही पढ़ाई होगी।
पंजीकृत विद्यार्थियों की होगी लॉगिन आईडी
सभी पंजीकृत विद्यार्थियों की ईमेल लॉगिन आईडी बनवाई जाएगी। स्मार्ट क्लासेस और सूचना प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के अधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यार्थियों को ईमेल के व्यावहारिक उपयोग के साथ खान एकेडमी, द टीचर एप, मनोदर्पण पोर्टल और माई कॅरिअर एडवाइजर एप जैसे ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म्स के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने नए सत्र में इन बदलावों से विद्यालयों का माहौल पूरी तरह बदलने की उम्मीद जताई है। यह पहल विद्यार्थियों को करियर के प्रति जागरूक बनाने और डिजिटल युग के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।