दामाद को दी दर्दनाक मौत: ससुर ने युवक को बुलाया, फिर बेटे के साथ मिलकर पीटा, पोस्टमार्टम से सामने आई बर्बरता
ससुराल में अनिल यादव की हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की वजह का खुलासा किया है। ससुर महेश यादव व साले कल्लू यादव पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के सिद्धार्थनगर के भवानीगंज थाना क्षेत्र के भैंसहिया गांव में ससुराल में आए अनिल कुमार यादव की मौत गला दबाने से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। मृतक के पिता राम सेवक यादव ने ससुराल के लोगों पर बेटे की पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भवानीगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुर महेश यादव और साले कल्लू यादव पर हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गोंडा जनपद के खोड़ारे थाना नरहरपुर दल्लीजोत गांव निवासी रामसेवक यादव ने 24 जून को भवानीगंज थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे अनिल कुमार यादव ने अपनी मर्जी से उर्मिला देवी पुत्री महेश यादव ग्राम भैसहिया थाना भवानीगंज सिद्धार्थनगर से प्रेम विवाह किया था। उसके एक बेटा और एक बेटी है।
अनिल यादव 15 दिन पहले रोजी-रोजगार के लिए शहर गया था। भैसहियां स्थित ससुराल में साले की शादी 21 जून को शादी थी। ससुर महेश यादव ने फोन करके दामाद को बुलाया। आरोप है कि ससुर और साले कल्लू यादव प्रेम विवाह से नाराज थे। मंगलवार रात में मौका पाकर ससुराल पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया।
हालत नाजुक देख पत्नी उर्मिला ने अपने ससुर रामसेवक यादव को फोन कर सूचना दी। कुछ समय बाद अनिल यादव के दो भाई सुनील और संदीप घर लेकर आए और एंबुलेंस से इलाज के लिए बस्ती ले जाने लगे। रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे कृष्ण गोपाल राय थानाध्यक्ष खोड़ारे जनपद गोंडा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इधर, भवानीगंज पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की बात कहकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट दर्ज करने के इंतजार में थी।
एसओ खोड़ारे कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की बात सामने आई है। संबंधित थाने को इस बारे में रिपोर्ट से अवगत कराया गया है। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी। वहीं, एसओ भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों पर हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।