सोनभद्र। राजकीय मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर 60 वर्षीय महिला के पेट से करीब 20 सेंटीमीटर का ट्यूमर निकालकर नई जिंदगी दी। ट्यूमर का वजन लगभग छह से सात किलोग्राम बताया गया है। फिलहाल महिला की हालत में सुधार हो रहा है।
झारखंड निवासी सुगिया देवी पिछले करीब 10 वर्षों से पेट दर्द, सूजन, भारीपन, उच्च रक्तचाप और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही थीं। कई स्थानों पर इलाज कराने के बावजूद राहत नहीं मिली। हालत बिगड़ने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में भर्ती कराया गया। जांच में अंडाशय में लगभग 20 सेंटीमीटर का बड़ा ट्यूमर मिलने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ दिप्ती सिंह की देखरेख में ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। बुधवार को डॉ. सिंह और उनकी टीम ने सफल सर्जरी कर ट्यूमर निकाल दिया। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ राजेश सिंह ने ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में पंकज सिंह, निरंजना, भीम और अवधेश सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। चिकित्सकों ने ट्यूमर का नमूना कैंसर जांच के लिए भेजा है। परिजनों ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस ऑपरेशन पर 80 हजार से एक लाख रुपये तक खर्च बताया गया था। सफल उपचार के बाद परिवार ने मेडिकल कॉलेज की टीम का आभार जताया।