सोनभद्र। चतरा ब्लॉक के कसारी रामगढ़ स्थित भिखारी बाबा आश्रम परिसर में बृहस्पतिवार को सातवें दिन विराट रुद्र महायज्ञ में यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों से समूचा परिसर गुंजायमान हो गया। इस दौरान शिव मंदिर में दूध और गंगाजल से विशेष रुद्राभिषेक पूजन कराया गया। वृंदावन से आई बाल कथावाचिका धानी शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संगीतमय भागवत कथा का रसपान कराया। शाम को आयोजित भजन संध्या में वाराणसी से आए राष्ट्रीय बाल कलाकार श्रीराम कृष्ण व श्री राधे कृष्ण ने एक से बढ़कर एक भजन, गीत व गजल सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, वृंदावन के कलाकारों ने प्रस्तुत मनमोहक रासलीला प्रस्तुत की। यज्ञ में विशेष रूप से प्रकृति रक्षा के लिए 251 दुर्लभ जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से आहुतियां दी गईं। इसके बाद प्रतिदिन की तरह आयोजित भंडारा में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी ने बताया कि गोपालधर द्विवेदी, राजेश कुमार पाठक, हरिओम द्विवेदी व अमरेश तिवारी के सौजन्य से इस विराट रुद्र महायज्ञ एवं पूजन कार्य का आयोजन कराया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर मुख्य यजमान दिनेश, उषा देवी, रूपा गुप्ता, देवेंद्र कुमार, चिंता मौर्य, उर्मिला देवी, विमला देवी, शशि देवी, विजय सिंह, मनीष कुमार, कृति सागर, शुभराम महाराज, परमानंद और रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।