बभनी। विकास खंड बभनी के कंपोजिट विद्यालय बरवाटोला सतबहनी में बृहस्पतिवार को भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत जन जागरूकता रैली निकाली गई और शपथ दिलाई गई। इस दौरान बच्चों ने पोस्टर भी बनाए। रैली का आयोजन भूजल संरक्षण के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से किया गया। गांव में जागरूकता रैली के दौरान जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प जैसे नारे लगाए गए। विद्यालय के अध्यापक मोहम्मद अनीश ने बच्चों को भूजल संरक्षण का अर्थ समझाया। उन्होंने बताया कि जमीन के अंदर के पानी को बर्बाद होने से बचाना और उसका सही इस्तेमाल करना है।
व्यक्तिगत स्तर पर बारिश का पानी इकट्ठा करना (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और कृषि में ड्रिप सिंचाई अपनाना इसके सबसे प्रभावी उपाय हैं। अध्यापक सुग्रीव ने जल संरक्षण के अन्य उपाय बताए। उन्होंने कहा कि घर की छत के पानी को पाइप के जरिए जमीन में बने सोख्ता गड्ढे (रिचार्ज पिट) या टैंक में डालना चाहिए। अधिक संख्या में पेड़ लगाने से भी बारिश का पानी जमीन में सोखने में मदद मिलती है। इस कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह, अध्यापक मोहम्मद अनीश, सुग्रीव, शबनम, राजेश यादव, अनिल कुमार और सभी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।