नगर पंचायत डाला की बोर्ड बैठक मंगलवार को हंगामेदार रही। नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नाली, पेयजल, सीसी रोड, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों को लेकर सभासदों ने कई सवाल उठाए। बैठक के दौरान राज्यपाल मनोनीत सभासद मुकेश जैन ने नगर पंचायत गठन से अब तक कराए गए सभी विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की। वहीं, मनोनीत सभासद संतोष कुमार बबलू ने वर्ष 2025 में कराए गए कार्यों, अपूर्ण परियोजनाओं तथा किए गए भुगतानों का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराने की मांग की। सभासद विशाल गुप्ता, अवनीश, बलवीर, चंद्रावती गोंड, ज्ञान देवी, दीक्षा पटेल और बिंदू देवी ने विकास कार्यों के लिए जारी टेंडरों के बावजूद कार्य शुरू न होने पर आपत्ति जताई। इसके बाद सभासदों ने अध्यक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया। निंदा प्रस्ताव में आरोप लगाया गया कि पिछले छह माह से बोर्ड बैठक नहीं बुलाई गई, जो नगर पालिका अधिनियम का उल्लंघन है। साथ ही बोर्ड की जानकारी और सदन की स्वीकृति के बिना मनमाने ढंग से विकास कार्य कराए जा रहे हैं तथा सभासदों की उपेक्षा की जा रही है। सभासदों ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर एक में सभासद ज्ञान देवी के घर के पास बिना टेंडर प्रक्रिया और वित्तीय स्वीकृति के नाली निर्माण के लिए गड्ढा खुदवाया गया, लेकिन बाद में कार्य रोक दिया गया। बैठक समाप्त होने के बाद सभासद नगर पंचायत कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।