मुहर्रम को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं सकुशल ढंग से मनाने के उद्देश्य से ताजियादार एसोसिएशन अहले सुन्नत वल जमात की आवश्यक बैठक बुधवार को नगर पालिका कार्यालय के समीप वारसी कटरा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सदर रोशन खान ने की। बैठक में मुहर्रम के विभिन्न कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए चांद की 6 तारीख को अली असगर का झूला, 7 तारीख को कर्बला से मिट्टी लाने, 8 तारीख को दुलदुल जुलूस, 9 तारीख को इमाम चौकों पर ताजिया बैठाने तथा 10 तारीख को आशूरा के दिन ताजिया भ्रमण व दफन कार्यक्रम को परंपरागत तरीके से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। ताजियादारों ने भीषण गर्मी को देखते हुए दिन के कार्यक्रमों के समय में परिवर्तन की मांग उठाई। साथ ही प्रशासन एवं पुलिस से मुहर्रम के दौरान धार्मिक स्थलों की निगरानी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग की। नगर पालिका से जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, खुली नालियों को ढकने, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने तथा झूलते तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की गई। बैठक में रोशन खान ने कहा कि मुहर्रम हक और इंसाफ के लिए खड़े होने का संदेश देता है और इमाम हुसैन के बताए मार्ग पर चलना आज भी प्रासंगिक है। इस दौरान हाजी फरीद अहमद, एम.ए. सिद्दीकी एडवोकेट, फिरोज सिद्दीकी, शेरू खान, रिजवान सिद्दीकी, आशिफ, मुश्ताक शाह, रिजवान वारसी, जाफर शाह, राजा, दानिश, सुफियान खान, सिराज राइन, रईस अंसारी सहित ताजियादार, ढोल एवं अखाड़ा कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।