यूपी वर्कर्स फ्रंट के अध्यक्ष दिनकर कपूर ने ऊर्जांचल समेत देश भर की बिजली परियोजनाओं में कोयला संकट के लिए केंद्र सरकार की नीतियों को जिम्मेदार बताया है। अनपरा तापीय परियोजना में अभियंताओं व कर्मचारियों से संवाद में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बिजली परियोजनाओं में कोयला स्टॉक को निर्धारित मानक तक बनाए रखने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने कहा कि कोयला परिवहन को लेकर भी बेहद लचर रवैया अपनाया गया। जरूरत के मुताबिक रेलवे रैक मुहैया कराने में भी रेलवे विफल रहा है। हजारों रैक डैमेज हैं लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। डैमेज वैगन भी कोयले के परिवहन में इस्तेमाल की नौबत आ गई। रेल, कोयला, ऊर्जा मंत्रालय और राज्य सरकारों में भी समन्वय का अभाव भी दिखता है। मौजूदा संकट की जिम्मेदारी स्वीकार कर हालात से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने और रूपरेखा तैयार करने के बजाय केंद्र सरकार सिर्फ बयानबाजी कर रही है। राज्यों व प्रबंध तंत्र और अभियंताओं-कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की जा रही है। संवाद के दौरान अभियंताओं ने कहा कि अगर कोयला स्टॉक बढ़ाने के लिए फौरी उपाय नहीं किए गए तो बरसात के मौसम में कोयला गीला होने पर हालात बेहद खराब हो सकते हैं। संवाद में ठेका मजदूर यूनियन जिला मंत्री तेजधारी गुप्ता, गोविंद प्रजापति, ददऊ यादव, बृजराज सिंह आदि मौजूद रहे।