राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे एक माह के ग्रीष्मकालीन तकनीकी इंटर्नशिप कार्यक्रम सर्किट टू चिप का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के 60 छात्र-छात्राओं ने आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं चिप डिजाइन से जुड़ी उन्नत तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. केएस वर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और उद्योग की वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने में करें। उन्होंने विद्यार्थियों से नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इंटर्नशिप के दौरान प्रतिभागियों को प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) पर सर्किट तैयार करने, डिजिटल सर्किट का डिजाइन एवं परीक्षण, विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए सर्किट विकसित करने तथा एंटीना डिजाइन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान,प्रयागराज के डॉ. धर्मेंद्र दीक्षित और डॉ. आनंद शर्मा ने विशेषज्ञ व्याख्यान दिए। वहीं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के डॉ. नरेंद्र ने डिवाइस मॉडलिंग विषय पर जानकारी साझा की।