दुद्धी। भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को स्नातक प्रवेश के लिए दूसरी मेरिट सूची के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली गई। दो चरणों की प्रक्रिया के बाद भी बीए में 30, बीएससी बॉयो में 10, मैथ में 50 और बीकॉम में 50 सीटें खाली हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अब सोमवार को तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार भारती ने बताया कि दूसरी सूची के तहत बीए और बीकॉम पाठ्यक्रमों में अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग कर प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बीए में सामान्य वर्ग के 52, सामान्य महिला वर्ग की 26, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 8, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 29 और ओबीसी महिला वर्ग की 12 सीटों पर काउंसिलिंग की गई। वहीं बीकॉम में 120 सीटों के सापेक्ष 116 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होनी थी। अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की सीटों पर भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पहली और दूसरी सूची के बाद अब बची हुई सीटों के लिए सोमवार को तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए भी आवेदन प्रक्रिया जारी है। एमए हिंदी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और एमएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पीजी पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 25 अगस्त तक संचालित होगी।