सोनभद्र/कोन। कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा ग्राम पंचायत अंतर्गत नेरुइयादामर टोला (मधुरी) में मंगलवार की रात द्वारपूजा के लिए जैसे ही दुल्हा दरवाजे पर पहुंचा। घरातियों-बरातियों में भिड़ंत हो गई। मारपीट में पांच बराती घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराया गया।
कोन थाना निगाई ग्राम पंचायत के टोला माईधीया निवासी भुलई चेरो के पुत्र छोटू चेरो की बरात मधुरी बस्ती निवासी सरदार चेरो के यहां गई हुई थी। द्वारपूजा की रस्म के दौरान जैसे ही दूल्हा दरवाजे पर पहुंचा किसी बात को लेकर घरातियों-बरातियों में कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में बरात पक्ष के अनुज कुमार, मनोज कुमार चेरो, परमानंद, शिवम और अखिलेश चेरो घायल हो गए। कुछ लोगों का सर भी फूटने का भी दावा किया जा रहा है। बताते हैं कि इसके बाद मौके पर तनाव की स्थित बन गई। बरात पक्ष के लोग दूल्हे को लेकर वापस जाने लगे। सूचना पाकर कोन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में विवाह की सारी रस्में पूरी की गई। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह के मुताबिक दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाह संपन्न करा दिया गया है। उनके बीच सुलह-समझौता हो जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।