म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलने वाले अंतरप्रांतीय गैंग का रविवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 34 हजार 300 रुपये नकद, चार गाडि़यां, तीन ताश की गड्डियां और 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
म्योरपुर पुलिस शनिवार को थाना क्षेत्र के लीलासी चौकी में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुदरी गांव के भदहर टोला में 18 से 20 लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारा और मौके से 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वह समय-समय पर एकत्र होकर सुनसान स्थानों पर जुआ खेलते थे। घटना वाले दिन भी सभी आरोपी तिरपाल बिछाकर बैटरी लाइट की रोशनी में जुआ खेल रहे थे। पुलिस से बचने के लिए वह ऐसे स्थानों का चयन करते थे, जहां आम लोगों की आवाजाही कम हो। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कुदरी गांव निवासी राजेश कुमार इस गिरोह का मुख्य संचालक था, जो अन्य लोगों को बुलाकर जुआ खेलने की व्यवस्था करता था। गिरोह में सोनभद्र के अलावा झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के लोग भी शामिल थे। फड़ से नकद धनराशि 2 लाख नौ हजार 700 रुपये, जमा तलाशी से नकद 24 हजार 600, ताश की तीन गड्डियां, 20 मोबाइल फोन, ब्रेजा, किया, वैगनआर, अर्टिगा चार पहिया वाहन मिले।
थाना प्रभारी रविकांत मिश्र ने बताया कि वाहनों के वैध कागजात न मिलने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा के तहत सीज कर दिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ म्योरपुर थाने में जुआ अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी के साथ चौकी प्रभारी लिलासी मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।