सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में संचालित खाद वितरण सोसायटी बंद मिलने और किसानों को घंटों खाद के लिए इंतजार करना पड़ने पर सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे तक धरना देकर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जिले में खाद की किल्लत के साथ कालाबाजारी भी बढ़ रही है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सपा नेताओं बचौले पटेल और गोपाल गुप्ता ने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि मौन हैं, जबकि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। संचालन सपा नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी ने किया। प्रदर्शन में सरोज पटेल, बचाउ, बियार, सुभाष भारती, छोटन भारती, जुनैद अंसारी, मनीष केडिया, शौर्य त्रिपाठी, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।