सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Tree Branch Falls on Hut During Storm; Farmer Dies, Four Injured

Sultanpur News: आंधी में छप्पर पर गिरी पेड़ की डाल, किसान की मौत, चार घायल

संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर Updated Mon, 04 May 2026 12:18 AM IST
विज्ञापन
Tree Branch Falls on Hut During Storm; Farmer Dies, Four Injured
 धनपतगंज के रामनगर में गिरी महुआ की डाल देखते ग्रामीण। स्रोत-ग्रामीण
विज्ञापन
सुल्तानपुर। जिले में रविवार सुबह आई आंधी और बारिश ने कई जगहों पर तबाही मचाई। धनपतगंज क्षेत्र के रामनगर गांव में छप्पर पर पेड़ की भारी डाल गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, जिले के अन्य हिस्सों में हुए हादसों में दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए।
Trending Videos


रामनगर निवासी किसान अजीत सिंह (50) रविवार सुबह करीब सात बजे घर के पास स्थित ट्यूबवेल पर गए थे। वहां छप्पर के नीचे बैठकर वह गांव के नरेंद्र सिंह (62) से बातचीत कर रहे थे। तभी आंधी के चलते महुआ के पेड़ की भारी डाल छप्पर पर गिर पड़ी। हादसे में अजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उधर, सदर तहसील क्षेत्र के पलहीपुर (लाला का पुरवा) में आंधी के दौरान गोशाला में काम कर रहे राम कुमार पांडेय (43) और उनकी पत्नी किरन (40) के ऊपर टिन शेड पर रखी ईंटें गिर पड़ीं, जिससे दोनों घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से राम कुमार को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसी गांव के चिंतामणि पाल (70) का छप्पर भी गिर गया, जिससे वह घायल हो गए। गांव में कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। अमरपाल, कमला पांडेय और राजेश श्रीवास्तव के घरों के टिन शेड और छप्पर उड़ गए। वहीं, सिंटू बरनवाल की पानी की टंकी दूर जा गिरी और वीरेंद्र कुमार की टंकी टूट गई। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेना शुरू कर दिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


हल्की बारिश में डूबी अमहट मंडी, शहरभर में जलभराव
सुल्तानपुर। जिले में रविवार सुबह तेज आंधी के साथ हुई हल्की बारिश ने शहर की सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी। अमहट मंडी में जलभराव के कारण सब्जियां और फल गंदे पानी में उतरा गईं। नालियों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह ठप रही, जिससे मंडी परिसर तालाब में तब्दील हो गया।
पयागीपुर क्षेत्र में भी हल्की बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं। लखनऊ-वाराणसी हाईवे और अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के चौक, ठठेरी बाजार, दरियापुर, कृष्णा नगर और मेजरगंज सहित कई मोहल्लों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गभड़िया नाले की पानी निकासी का गलत ढाल बनाए जाने से जलभराव हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि तकनीकी खामियों को दूर किए बिना करोड़ों के टेंडर जारी हो रहे हैं, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। अमहट सब्जी मंडी के आढ़ती मो. शमीम लइया ने ठेकेदार पर कार्रवाई और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की मांग की है। मंडी सचिव रवींद्र कुमार वर्मा ने कहा कि जलभराव की सूचना मिली है। तत्काल सफाई टीम भेजकर नालियों की सफाई कराई जा रही है। संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुली सफाई व्यवस्था की पोल
कुड़वार। कस्बे में आंधी और बारिश के बाद कई जगह जलभराव हो गया। दुकानों में पानी घुस गया और हरखपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। किसानों की फसलें भी भीग गईं, जिससे कृषि कार्य बाधित हो गया। संवाद


आज भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसमें 3.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। दक्षिणी-पूर्वी हवा की गति 6.4 किमी/घंटा रही। वर्षा 22.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। आगामी 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed