असोहा। नवाबगंज ब्लॉक के ढकिया मैदान में बुधवार को मिर्जापुर प्रीमियर लीग का मैच नदौहा और बिल्लौजगढ़ी के बीच खेला गया। नदौहा की टीम ने बिल्लौजगढ़ी को दो विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
नदौहा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी बिल्लौजगढ़ी की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में नौ विकेट खोकर 103 रन बनाए। अंसार ने 26 रन का योगदान दिया। नावेद और अरशद ने भी 20-20 रन बनाए। नदौहा की ओर से पंकज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। सौरभ ने भी दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नदौहा की शुरुआत बेहद खराब रही और महज पांच रन पर ही तीन विकेट गिर गए थे। इसके बाद कप्तान शिवशंकर और सत्यम ने धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए 56 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कप्तान शिवशंकर ने 38 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने टीम को चार गेंद शेष रहते दो विकेट से जीत दिलाई। पंकज को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इस दौरान आयोजक हरेश्याम कुशवाहा, पवन कुशवाहा, पूर्व प्रधान रूपचंद्र मौर्य, जसपाल सिंह, शिवम सिंह और जय करन आदि मौजूद रहे।