सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   unnao news

Unnao News: पत्नी ने की खुदकुशी, आहत सूबेदार ने भी दी जान

Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Thu, 18 Jun 2026 12:14 AM IST
विज्ञापन
unnao news
फोटो-29- साधना पांडेय  (फाइल फोटो)
विज्ञापन
बीघापुर (उन्नाव)। पांच दिन पहले ससुराल आई सेना के सूबेदार की पत्नी ने मंगलवार की रात पति से फोन पर बात कर फंदा लगा लिया। पत्नी की खुदकुशी से आहत पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात पति ने बुधवार की सुबह फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने जांच के बाद पैनल और वीडियोग्राफी के बीच महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मायके वालों ने महिला का कानपुर के सिद्धनाथ घाट पर अंतिम संस्कार किया। उधर, सूबेदार का शव लेने परिवार के लोग पश्चिम बंगाल गए हैं।

बीघापुर कोतवाली के गांव दांदामऊ निवासी शैलेंद्र पांडेय (40) सेना में सूबेदार थे। मौजूदा समय में वह पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात थे। बड़े भाई मनोज पांडेय ने बताया कि 12 साल पहले उनकी शादी कानपुर के तल बगिया जाजमऊ निवासी साधना (38) से हुई थी। साथ न ले जाने पर शादी के छह महीने बाद साधना ने जहर खा लिया था। हालत में सुधार होने के बाद पति-पत्नी में विवाद खत्म हो गया था। साधना पति के साथ रहने लगी थीं। मनोज ने बताया कि 29 जून को परिवार में चचेरे भाई टिंकू की शादी है। उसमें शामिल होने के लिए शैलेंद्र पत्नी और दोनों बच्चों यथार्थ और शानवी के साथ घर आए थे। छुट्टी बढ़वाने की बात कहकर 12 जून को ड्यूटी पर लौट गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे साधना की शैलेंद्र से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद साधना कमरे में चली गई थी। पिता राजेंद्र और मां पुष्पा दोनों बच्चों के साथ घर के बाहर बैठे थे। कुछ देर बाद जेठानी पूनम ने साधना को कमरे में फंदे से लटका देखा तो चीख पड़ीं। परिजन ने आनन-फानन उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति शैलेंद्र को परिजन से पता चला तो उन्होंने कानपुर निवासी साले अनुज मिश्र को जानकारी दी। अनुज के मुताबिक रात 11 बजे जब वह गांव दांदामऊ पहुंचे तो बहन का शव बर्फ में रखा पाया। परिवार के लोगों ने पुलिस को भी मौत की सूचना नहीं दी थी। इस पर मायके वालों की ससुराल वालों से कहासुनी भी हुई।
विज्ञापन

अनुज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पत्नी की मौत और मायके वालों के आरोप से आहत शैलेंद्र ने भी बुधवार सुबह करीब पांच बजे पश्चिम बंगाल में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। सुबह छह बजे पुलिस से जानकारी मिली तो बहू और बेटे की मौत से परिवार बेहाल हो गया। फतेहपुर चौरासी के दबौली पीएचसी में तैनात डॉ. डी. सिंह और अचलगंज सीएचसी के डॉ. संकल्प गुप्ता के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच साधना के शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि अभी तक की जांच में पति-पत्नी में फोन पर विवाद की बात सामने आई है। परिजन पति का भी शव लेकर आ रहे हैं। कोई तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया, मामा ले गए साथ
बीघापुर। दंपती की आत्महत्या से दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया छिन गया। साधना का शव साथ ले जाने वाले भाई अनुज मिश्र ने बताया कि बहन के दोनों बच्चों का पालन-पोषण वह खुद करेंगे। दोनों को अपने साथ कानपुर लेकर आ गए हैं। बताया कि बेटी शानवी सात साल की और बेटा यथार्थ पांच साल का है।
अनुज ने आरोप लगाया कि बहन की गला दबाकर हत्या की गई है। आरोप है कि शैलेंद्र के घरवाले उसकी दूसरी शादी कराना चाहते हैं। इस कारण बहन को मार दिया।

बेटी के वीडियो ने उठाए सवाल
मृतका के भाई अनुज ने भांजी शानवी का वीडियो शेयर किया है। इसमें शावनी बता रही है कि बाबा, दादी और बुआ ने पहले मम्मी का गला दबाकर मार दिया। इसके बाद फंदे पर लटका दिया। वीडियो में वह बता रही है कि जब खेलकर आई तो यह देखा। साधना तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। अनुज ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस मृतका के जेठ नहीं पहुंचे। चाचा के परिवार के सदस्य, नंदोई और मामा आए थे।

सूबेदार कानपुर में बनवा रहे थे घर
बीघापुर। मृतक सूबेदार के बड़े भाई मनोज पांडेय ने बताया कि शैलेंद्र की पत्नी साधना ससुराल वालों के साथ नहीं रहना चाहती थी। इस कारण भाई शैलेंद्र कानपुर के संजीव नगर में अपना खुद का घर बनवा रहे थे, ताकि पत्नी और बच्चों को वहां रख सके। घर बनवाने में पिता जिम्मेदारी निभा रहे थे लेकिन यह नहीं पता था कि दोनों ऐसा कोई कदम उठाएंगे। बताया कि चचेरा भाई रुद्रशंकर भी पानागढ़ में ही सेना में इंजीनियर कोर में तैनात हैं। वह भी शव के साथ आ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed