आतिशबाजी का असर: दिवाली के बाद पिछले साल से 58% ज्यादा प्रदूषित हुई काशी की हवा, यहां देखें- आंकड़ा
वाराणसी में प्रदूषण का स्तर पिछली दिवाली से ज्यादा इस बार रहा। पिछले साल दिवाली से अगले तीन दिनों तक शहर का घटा था, लेकिन इस बार प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहा।
विस्तार
दिवाली पर आतिशबाजी का असर इस बार काशी की आबोहवा पर पिछले साल की तुलना में अधिक दिखाई दिया। पिछले साल दिवाली से अगले तीन दिनों तक शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) लगातार घटा था, लेकिन इस बार प्रदूषण का स्तर 58 प्रतिशत से अधिक बना रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल दिवाली से अगले तीन दिन तक शहर का एक्यूआई 118 से घटकर 106 तक पहुंच गया था। इस बार दिवाली के दिन 224 दर्ज किया गया, जो अगले दिन बढ़कर 274 तक पहुंच गया। इसके बाद गिरावट शुरू हुई, लेकिन तीन दिन बाद भी एक्यूआई 134 रहा।
पिछले साल 20 अक्तूबर को दिवाली थी। उस दिन एक्यूआई 118 दर्ज किया गया था। 21 अक्तूबर को बढ़कर 156 हो गया। 22 अक्तूबर को 121 और 23 अक्तूबर को घटकर 106 पर आ गया था। दिवाली के बाद तीसरे दिन तक हवा की गुणवत्ता में सुधार हो गया था।
इस बार 8 नवंबर को दिवाली के दिन एक्यूआई 224 रहा। 9 नवंबर को 50 अंकों की और बढ़ोतरी हुई और यह 274 पहुंच गया। 10 नवंबर को गिरकर 160 और 11 नवंबर को 134 दर्ज किया गया। दिवाली के तीन दिन बाद भी एक्यूआई पिछले साल के मुकाबले 28 अंक अधिक रहा। चार दिनों के औसत की तुलना करें तो इस बार लगभग 58 फीसदी अधिक रहा। प्रदूषण का स्तर बढ़ने के पीछे आतिशबाजी ही मुख्य कारण है।
चार दिनों का तुलनात्मक आंकड़ा
| तारीख | 2025 का एक्यूआई | 2026 का एक्यूआई |
| दिवाली का दिन | 118 | 224 |
| दिवाली के अगले दिन | 156 | 274 |
| दिवाली के तीसरे दिन | 106 | 134 |
इस बार दिवाली के बाद भी राहत नहीं
पिछले साल दिवाली के अगले दिन एक्यूआई में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन उसके बाद लगातार दो दिनों तक गिरावट दर्ज की गई। इस बार भी 9 नवंबर के बाद प्रदूषण कम होना शुरू हुआ, लेकिन चार दिनों के तुलनात्मक आंकड़े बताते हैं कि हवा की गुणवत्ता पिछले साल के मुकाबले खराब रही। हालांकि, 11 नवंबर को एक्यूआई घटकर 134 पर आने से सुधार के संकेत मिले हैं।
दिवाली पर आतिशबाजी के कारण शहर का एक्यूआई खराब हुआ था। हालांकि, इस बुधवार से थोड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। -प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव, मौसम वैज्ञानिक