यूपी: नर्तकियों के साथ नाचने को लेकर विवाद, युवक की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला; खून से लथपथ होकर गिरा
जिले के मधुकीपुर गांव में डीजे कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों के साथ नाचने की जिद को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि देर रात घर लौट रहे 22 वर्षीय दीपक चौहान की गर्दन पर जयबहादुर चौहान ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल युवक जिला अस्पताल रेफर है।
विस्तार
छठ पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित डीजे कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों के साथ नाचने की जिद को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार देर रात घर लौट रहे एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में 22 वर्षीय दीपक चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी ने पीछे से उसकी गर्दन पर वार किया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भीमपुरा थाना क्षेत्र के मधुकीपुर गांव में छठ पर्व के अवसर पर डीजे कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए गांव के बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने नर्तकियों के साथ नाचने की जिद शुरू कर दी। इसी बात को लेकर वहां विवाद हो गया। मामला बढ़ता देख ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और किसी तरह विवाद शांत करा दिया।
आरोपी ने पीछे से किया वार
आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात दीपक चौहान पुत्र छत्रपाल चौहान घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से जयबहादुर चौहान पुत्र जयराम चौहान ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावर ने दीपक की गर्दन पर वार किया। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सका और लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हमले की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल दीपक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट और हालत नाजुक होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
