Gyanvapi: ज्ञानवापी मामले में शीघ्र फैसले की कामना, गोरखनाथ मठ से निकली कलश यात्रा; गूंजा हर-हर महादेव
Varanasi News: ज्ञानवापी और शृंगार गौरी मामले में जल्द फैसले की कामना को लेकर शनिवार को गोरखनाथ मठ से कलश यात्रा निकाली गई। पक्षकारों और श्रद्धालुओं ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक किया। अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि एएसआई जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन मामले का ट्रायल अभी शुरू नहीं हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Gyanvapi Case: ज्ञानवापी और शृंगार गौरी मंदिर मामले में न्यायिक कार्यवाही में हो रहे विलंब के विरोध में शनिवार को श्री आदि विश्वेश्वर मुक्ति विद्वत संघ के बैनर तले कलश यात्रा निकाली गई। मुकदमे के पक्षकारों और श्रद्धालुओं ने मैदागिन स्थित गोरखनाथ मठ से यात्रा शुरू की। यात्रा में शामिल लोगों ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक किया और ज्ञानवापी मामले में जल्द फैसला आने की कामना की।
प्रमुख पक्षकार और संघ के अध्यक्ष डॉ. सोहनलाल आर्य के नेतृत्व में सुबह कलश यात्रा शुरू हुई। इससे पहले गोरखनाथ मठ में पं. सुधीर त्रिपाठी के आचार्यत्व में 21 बटुकों और महिला वादिनियों ने विधिविधान से कलश पूजन किया। इसके बाद हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ यात्रा निकाली गई। आगे बटुकों का जत्था चल रहा था, जबकि महिला वादिनियां सिर पर कलश लेकर पैदल यात्रा में शामिल हुईं।
मैदागिन से निकली यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं और मुकदमे के पक्षकारों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने ज्ञानवापी मामले में जल्द न्याय मिलने की प्रार्थना की। इसके बाद यात्रा में शामिल लोगों ने माता अन्नपूर्णा के दर्शन-पूजन भी किए।
ज्ञानवापी मामले के प्रमुख अधिवक्ता पं. सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि न्यायिक कार्यवाही में हो रहे विलंब को दूर करने और मुकदमे में जल्द फैसला आने की कामना से कलश यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी मुकदमे का ट्रायल शुरू नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बाबा विश्वनाथ से जल्द फैसला आने की प्रार्थना की गई। साथ ही अयोध्या की तर्ज पर विवादित स्थल पर मंदिर निर्माण शुरू होने की कामना भी की गई। कलश यात्रा में लक्ष्मी देवी, सीता साहू, मंजू व्यास, रेखा पाठक, अधिवक्ता सुधीर त्रिपाठी, दीपक कुमार सिंह, मदन मोहन यादव, बाल गोपाल साहू, विक्रम व्यास, सूर्य त्रिपाठी और वंदना अग्निहोत्री सहित अन्य लोग शामिल रहे।