आजमगढ़ में लू का अलर्ट: एक सप्ताह में 4.6 डिग्री बढ़ा तापमान, रात में भी उमस और गर्मी; जानें बचाव के उपाय
Heatwave Alert in Azamgarh:
विस्तार
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले में बीते एक सप्ताह के दौरान तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे भीषण गर्मी और तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
सोमवार की सुबह उमस भरी रही और करीब 11 बजे तक हवा में नमी बनी रहने से लोग पसीने से तर-बतर रहे। दोपहर में पछुआ हवा के गर्म थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। स्थिति यह रही कि अधिकांश लोग सुबह और शाम के समय ही घरों से बाहर निकलना बेहतर समझ रहे हैं, जबकि दोपहर में सड़कें लगभग सुनसान दिखाई दे रही हैं। इस दौरान सड़कों पर केवल चारपहिया वाहन ही नजर आ रहे हैं।
तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं के कारण जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। दिन में यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाले रिक्शा चालक भी छांव में वाहन खड़ा कर आराम करते देखे जा रहे हैं। हालांकि तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई, फिर भी लू के थपेड़ों ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार से लू का प्रभाव शुरू हो चुका है, जो 24 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है।
24 अप्रैल तक जारी रहेगी लू, बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, लू का यह दौर 24 अप्रैल तक लगातार बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
एक सप्ताह का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
13 अप्रैल - 38.0 - 20.1
14 अप्रैल - 39.4 - 18.6
15 अप्रैल - 40.5 - 20.2
16 अप्रैल - 39.6 - 21.5
17 अप्रैल - 39.6 - 23.2
18 अप्रैल - 42.1 - 23.0
19 अप्रैल - 42.4 - 21.4
लू लगने के लक्षण: अचानक कमजोरी और थकान, तेज सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी या मतली महसूस होना, मांसपेशियों में ऐंठन, अत्यधिक पसीना आना या पसीना पूरी तरह बंद हो जाना, शरीर में झटका या बेहोशी जैसा अनुभव।
लू से बचाव के उपाय
- पानी ज्यादा पीएं : दिन में कम से कम 03 से 04 लीटर साफ पानी अवश्य पीएं।
- ओआरएस घोल, नींबू पानी, कच्चे आम का पना, लस्सी, नारियल पानी, बेल का शर्बत और सत्तू का नियमित सेवन करें।
- हल्के कपड़े पहनें : सूती, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनें, गहरे रंग और टाइट कपड़ों से बचें।
- दिन के सबसे गर्म समय में घर रहें : सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
- धूप से सुरक्षा : बाहर निकलते समय छाता, टोपी, धूप का चश्मा और जूते जरूर लगाएं।
बचाव
- शराब के सेवन से दूर रहें।
- ज्यादा प्रोटीन वाला भोजन न करें।
- बासी खाना खाने से परहेज करें।
- भारी शारीरिक मेहनत से बचें।

कमेंट
कमेंट X