UP: खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर बदमाशों ने 60 लाख की चांदी उड़ाई, वारदात के बाद पैदल भागे; FIR
वाराणसी में खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताने वाले बदमाशों ने सराफा कारोबारी से करीब 60 लाख रुपये की चांदी लूट ली। आरोपियों ने बैग में मादक पदार्थ होने की बात कहकर कारोबारी को रोक लिया। जांच के बहाने चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद आरोपी पैदल भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi Crime: खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर तीन बदमाशों ने सराफा कारोबारियों की 27 किलोग्राम चांदी लूट ली। चांदी की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी समेत चौक थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिन दो कर्मचारियों से चांदी लूटी गई, उनसे भी पूछताछ की गई। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीमें लगा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरा में विनय सोनी की हेमा ज्वेलर्स और शशि कुमार वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। दोनों दुकानों के बीच कुछ ही दूरी है। शशि कुमार वर्मा ने अपने कर्मचारी उमाकांत सेठ समेत दो कर्मचारियों को विनय सोनी के यहां से चांदी लाने के लिए भेजा था।
इसी दौरान रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताया। आरोप है कि बदमाशों ने बैग में मादक पदार्थ होने का शक जताते हुए दोनों कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और चांदी से भरा बैग छीनकर पैदल फरार हो गए। घबराए कर्मचारियों ने घटना की जानकारी अपने मालिक को दी।
सूचना मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी और चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वहीं, पुलिस ने दोनों कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं।
चांदी लूट और चोरी की प्रमुख घटनाएं
- 2019 में 25 लाख रुपये के आभूषण की चोरी।
- 2021 में ग्राहक बनकर आए बदमाश 15 लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
- 2022 में सराफा कारोबारी से 20 लाख रुपये के आभूषणों से भरा बैग लूट लिया गया।
- 2023 में दुकान का शटर काटकर 40 लाख रुपये के आभूषण चोरी किए गए।
- 2025 में सराफा शोरूम से तीन करोड़ रुपये के आभूषण चोरी हुए।
- 2026 में ग्राहक बनकर आए ठग ने पांच लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए।
चांदी की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई चिंता
पिछले दो वर्षों से चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गए हैं। वर्ष 2024 की शुरुआत में जहां चांदी का भाव लगभग 78,600 प्रति किलोग्राम था, वहीं वर्तमान में यह 2,23,200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया है। सर्राफा बाजार से जुड़े कारोबारियों के अनुसार, पहले अपराधी अधिकतर सोने के आभूषणों को निशाना बनाते थे, लेकिन अब चांदी के आभूषण, बर्तन और मूर्तियां भी चोरी और लूट की घटनाओं का हिस्सा बन रही हैं।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। - अतुल अंजन त्रिपाठी, एसीपी दशाश्वमेध