Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Sports News BHU emerged champions securing 6 points four matches Kashi Vidyapeeth finished runners

खेल की खबरें: चार मैच में 6 पॉइंट लेकर बीएचयू बना चैंपियन, काशी विद्यापीठ 2 अंक के साथ उपविजेता रहा

Sat, 07 Nov 2026 01:20 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Sat, 07 Nov 2026 01:20 PM IST
सार

बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर खेली गई पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में मेजबान बीएचयू ने चैंपियनशिप अपने नाम की। बीएचयू ने चार मैचों में छह अंक हासिल किए। वहीं, काशी विद्यापीठ की टीम दो अंक के साथ उपविजेता रही। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालयों की टीमों ने खिताब के लिए मुकाबला किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Sports News BHU emerged champions securing 6 points four matches Kashi Vidyapeeth finished runners
बीएचयू में हैंडबाॅल चैंपियनशिप की विजेता टीम। - फोटो : संवाद

विस्तार

बीएचयू के यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड की ओर से ईस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी हैंडबॉल (पुरुष) चैंपियनशिप शुक्रवार को संपन्न हुई। लीग मैच में सर्वाधिक तीन मैच जीतकर छह अंकों साथ बीएचयू ओवरऑल चैंपियन बना। जबकि चार में से दो मैच जीतकर चार अंक हासिल करने वाली विद्यापीठ की टीम उपविजेता बनी। अंतिम दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

विज्ञापन


अंतिम मैच में बीएचयू की टीम ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को 25–22 से हराया। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के बीच मुकाबले में विद्यापीठ ने 29–22 से जीत दर्ज की और दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड रांची के चांसलर प्रो. जेपी लाल ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रो. पीपीएस पॉल कुमार, डॉ. गौरव मल्होत्रा, मैनेजर, कोच उपस्थित थे। 
विज्ञापन


पांच दिन खेली गई प्रतियोगिता 
प्रो. एके नेमा ने बताया कि प्रतियोगिता 2 से 6 नवंबर तक एंफीथियेटर मैदान में खेली गई। ईस्ट जोन अंतर प्रतियोगिता में 11 राज्यों से संबंधित 27 विश्वविद्यालयों की टीमों में शामिल 345 खिलड़ियों ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


हैंडबॉल टीम के मैनेजर बने आरएस यादव
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष आरएस यादव को इक्कीसवीं एशियन महिला हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए मैनेजर नियुक्त किया गया है। हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के कार्यकारी निदेशक आनंदेश्वर पांडेय ने उन्हें पत्र के माध्यम से सूचना दी। चैंपियनशिप 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक कजाकिस्तान में होगी। इसमें एशिया के विभिन्न देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। यादव की  नियुक्ति से उत्तर प्रदेश के खेल जगत में उत्साह है। खेल प्रेमियों और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है। 

Trending Videos

Sports News BHU emerged champions securing 6 points four matches Kashi Vidyapeeth finished runners
विजेता खिलाड़ी। - फोटो : संवाद

शीएट कॉलेज ने बास्केटबॉल का खिताब जीता
संत अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय में अंतर महाविद्यालयीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) का समापन हो गया है। शीएट कॉलेज ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान स्वामी अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही। विभिन्न महाविद्यालयों की छह टीमों ने भाग लिया। मेजबान महाविद्यालय के चार खिलाड़ियों का चयन विश्वविद्यालय की बास्केटबॉल टीम के लिए किया गया। प्रबंधक राहुल सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

मानव शृंखला से दीप बनाकर दिवाली की बधाई दी
खेल के मैदान पर जब खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का अनूठा प्रदर्शन किया तो नजारा देखने लायक बन गया। शुक्रवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेल गतिविधियों की जगह एक अनोखा आयोजन हुआ। 410 बालक-बालिकाओं ने एक साथ बैठकर अपने शरीर की आकृति से विशाल दीप का स्वरूप तैयार किया। इस अनूठी पहल ने भारतीय परंपरा, एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। संयोजक डॉ. एके सिंह ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य खिलाड़ियों को भारतीय परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का छोटा सा प्रयास था। 

फुटबॉल : ट्राई ब्रेकर में बीएचयू ने सिगरा को हराया
जिला प्रशासन और जिला फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से सिगरा स्टेडियम में जिलास्तरीय काशी सांसद फुटबॉल प्रतियोगिता खेली गई। फाइनल बीएचयू एफसी और सिगरा एफसी के बीच खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीम गोल करने में नाकाम रही। मैच का निर्णय ट्राई ब्रेक में हुआ। इसमें बीएचयू ने सिगरा की टीम को 4-3 से हरा दिया। 

अक्षत, आरुष, आशुतोष और रजनीश ने गोल किए जबकि उपविजेता टीम की ओर से शुभम आनंद और रिजवान ही सही निशाना लगा सके। इससे पूर्व 40 साल से ऊपर आयुवर्ग के मैच में सिगरा एफसी-ए ने सिगरा एफसी-बी को एक गोल से हरा दिया। महिला वर्ग में फुटबॉल नर्सरी ने सिगरा एफसी को 3-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे मैच में फुटबॉल नर्सरी ने सिगरा एफसी को 1-0 से पराजित किया। पुरुष वर्ग में बीएच यूएफसी ने रुईया फुटबॉल क्लब को गोल शून्य बराबरी के बाद ट्राई ब्रेकर 3-0 से हराया। 

निशानेबाजी में अंजनी ने जीता स्वर्ण पदक
कैंटोनमेंट के रायफल क्लब के इंडोर शूटिंग हॉल में काशी सांसद में निशानेबाजी स्पर्धा हुई। अंजनी मिश्र ने स्वर्ण पदक जीता है। अंजनी ने बताया कि वे दो राष्ट्रीय और सात प्रादेशिक मुकाबले में पदक जीत चुके हैं। शूटिंग रेंज पर रोज चार घंटे अभ्यास करते हैं। पदक जीतने पर यूपी रायफल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप मधोक, सौरभ ने बधाई दी है। 

वाराणसी में द ऑफ साइड टर्फ मैदान का उद्घाटन
प्रेमचंद कॉलोनी, पांडेपुर में शुक्रवार को द ऑफ साइड टर्फ मैदान का उद्घाटन महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया। मेयर ने कहा कि युवाओं का स्वास्थ्य देश की सबसे कीमती पूंजी है। यह मैदान निलेश सिंह, शरद सिंह, सत्येंद्र बहादुर सिंह और आयुष सिंह के प्रयासों से निर्मित हुआ है। विशिष्ट अतिथि पुलिस महानिरीक्षक बीएसएफ आलोक कुमार सिंह ने स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया। 

एथलेटिक्स में 117 खिलाड़ियों ने जीते पदक
काशी सांसद खेलकूद की जिलास्तरीय एथलेटिक्स सिगरा स्टेडियम में खेली गई। 395 खिलाड़ियों में 203 बालक और 192 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। 117 खिलाड़ी अलग-अलग वर्ग के विजेता बने। 11 साल से कम आयुवर्ग की बालिकाओं की 100 और 400 मीटर दौड़ में आराजीलाइन की शीतल, 200 मीटर में सेवापुरी की पायल, 800 मीटर में जागृति तिवारी प्रथम रहीं। 

पुशअप और चिनअप में सेवापुरी की ऐश्वर्या मोदन वाल प्रथम रहीं। बालक वर्ग में भेलूपुर के रिंकू  800 मीटर दौड़ की विजेता बनी। हाईजंप में हर्ष कुमार कोतवाली प्रथम रहे। अंडर-14 बालिका 100 मीटर में आकांक्षा पाल आराजीलाइन, 200 मीटर में श्वेता वरुणापार, 400 मीटर में अवंतिका सिंह आराजीलाइन, 800 मीटर में अर्चना बिंद, 1500 मीटर दौड़ और चिनअप में सेवापुरी की आंचल, 3000 मीटर में सेवापुरी की रोशनी प्रथम रहीं। ऊंची कूद में काशी विद्यापीठ की सुनयना, गोलाफेंक में अनुपमा, भेलूपुर ने स्वर्ण पदक जीता। 

अंडर-14 साल के बालक वर्ग के 100 और 200 मीटर में हिमांशु यादव आराजीलाइन, 400 मीटर में चंदन गुप्ता आराजीलाइन, लंबीकूद में विपिन सेवापुरी और गोलाफेंक में अंश विश्वकर्मा सेवापुरी प्रथम रहे। अंडर-18 बालिका वर्ग में 100 और 400 मीटर में सेवापुरी की अंजली पटेल प्रथम रहीं। 200 मीटर में कुमुद पाल आराजीलाइन प्रथम औल गुडिया काशी विद्यापीठ द्वितीय रही। 800 मीटर में अनामिका पटेल विद्यापीठ प्रथम रहीं।

राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स में रंजना ने जीता गोल्ड
चिरईगांव के लूठा कला निवासी राजकुमार यादव की पुत्री रंजना यादव ने राष्ट्रीय एथलेटिक्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। तमिलनाडु के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सफलता हासिल की है। गोल्ड जीतने के बाद शुक्रवार को वह परिजनों के साथ जाल्हूपुर श्रीकच्चा बाबा आश्रम में दर्शन पूजन किया। लोगों ने फूल मालाओं से उसका स्वागत किया। सुनील , डॉ. उमाशंकर, प्रदीप, विकास रहे।

Sports News BHU emerged champions securing 6 points four matches Kashi Vidyapeeth finished runners
दंगल शुरू कराते मुख्य अतिथि। - फोटो : संवाद

मोनू के साल्तो दांव पर चित हुए अजगरा के अंकित
चौबेपुर के बर्थरा खुर्द गांव में दिवंगत लालचंद पहलवान की स्मृति में कौलेश्वर ब्रह्म बाबा व्यायाम शाला में शुक्रवार को दंगल हुआ। पांच हजारी कुश्ती में गया सेठ के मोनू पहलवान ने अजगरा के अंकित पहलवान को छह मिनट में साल्तो दांव लगाकर हरा दिया। प्रतियोगिता में 110 पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया।

सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर खेल शुरू कराया। इसमें नामी-गिरामी पहलवानों ने भाग लिया। दंगल प्रतियोगिता में 11 हजार की कुश्ती चमाव अखाड़े के पहलवान अजय यादव अबरंग नगर अखाड़े के पहलवान रामाशीष के बीच हुई। 10 मिनट तक दंगल बराबरी पर रहने पर निर्णय लेने के लिए अतिरिक्त समय में भी मैच का निर्णय नहीं हुआ। जिसके बाद दोनों पहलवानों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। 

इसी तरह 10 हजार रुपये की इनामी दंगल प्रतियोगिता अजगरा के अशोक पहलवान और बनियापुर के रामजनम पहलवान के बीच हुई। यह दंगल भी बराबरी पर छूटा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख चोलापुर सुभाष यादव, धनंजय यादव, उमेश यादव, राम सूरत यादव, सुनील यादव, कैलाश यादव, राजेश यादव स्वराज प्रसाद, रामजी, बेचन यादव रहे। संचालन प्रेम शंकर तिवारी, धन्यवाद नरेंद्र यादव नथुनी ने दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed