Varanasi Weather: काशी ही कैलास... 56 साल में पांचवीं बार इतना ठिठुरा बनारस; जानें- कब मिलेगी ठंड से राहत
Varanasi News: वाराणसी में कोहरे के चलते दृश्यता लगभग शून्य रही। दोपहर में जब 3.45 बजे तक धूप थी, तब मौसम सामान्य महसूस हुआ, लेकिन शाम 4.15 बजे के आसपास मात्र आधे घंटे में पारा 3-4 डिग्री तक गिर गया।
विस्तार
1969 के बाद 56 साल में बनारस इतनी ठंडी झेल रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से 9.5 डिग्री नीचे, महज 11.6 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम पारा सामान्य से 3.6 डिग्री कम, 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में बृहस्पतिवार को बनारस में सबसे ठंडा दिन और सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
दोपहर की धूप के बाद अचानक उठते कोहरे को देखकर लोग हैरान रह गए। शाम 5 बजे से पहले ही अंधेरा छा गया। अचानक शुरू हुई ठिठुरन ने लोगों को चौंका दिया और यह मौसम चर्चा का विषय बन गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी में चौथा सबसे ठंडा दिन और दूसरी सबसे ठंडी रात बनारस की रही।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 1969 के बाद जनवरी में यह पांचवीं बार है जब पारा 11.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। इससे पहले चार बार: 2024 में दिन का तापमान 11.4 डिग्री, 2011 में 10.8 डिग्री, 2004 में 10.6 डिग्री और 2003 में 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डॉ. सिंह ने बताया कि शुक्रवार से ठंड कम होने की संभावना है। पंजाब के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हुआ है। 11 जनवरी तक धूप का आनंद लेने को मिल सकता है।
काशी से 0.8 डिग्री कम रहा चुर्क का तापमान
बृहस्पतिवार को दिन में बनारस प्रदेश का चौथा सबसे ठंडा जिला रहा। शाहजहांपुर और बरेली में 11.2 डिग्री, और प्रयागराज में 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं रात में बनारस प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। बनारस से 150 किमी दूर चुर्क में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसे भी पढ़ें; Bangladesh Unrest: न हाथों में बांध पा रहे रक्षासूत्र, न ही लगा पा रहे तिलक; खामोशी के साये में हो रही पूजा
दो दिन के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में दो दिन के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बनारस में अगले तीन-चार दिनों तक कोहरे की संभावना है। बृहस्पतिवार को भी कोहरे के दबाव के कारण तापमान तेजी से गिरा। शाम 5 बजे के बाद हवा में नमी 90% से अधिक हो गई। पछुआ हवा 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली।