सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Woman defrauded of ₹41 lakh six boats seized, FIR filed against six individuals

Varanasi Top News: युवती से 41 लाख की धोखाधड़ी, छह नावें सीज, छह पर एफआईआर समेत अन्य खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Mon, 13 Apr 2026 05:36 PM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में रिश्ते में मामा लगने वाले युवक ने युवती से 41 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। उधर, मानकों के विपरीत नाव संचालन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पढ़ें- अन्य खबरें

Varanasi Top News Woman defrauded of ₹41 lakh six boats seized, FIR filed against six individuals
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

वाराणसी कमिश्नरेट के भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंद, खोजवा निवासी युवती की शिकायत पर पुलिस ने रिश्ते में मामा लगने वाले व्यक्ति के खिलाफ लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता अनामिका उर्फ नीलू मौर्या ने आरोप लगाया कि उसके पिता तेजबली मौर्या, जो उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव विभाग में सहायक ऑडिटर पद से सेवानिवृत्त थे, उनके निधन के बाद आरोपी अजीत कुशवाहा उर्फ पप्पू, निवासी मानिकपुर, खोजवा, घर आता-जाता था। रिश्ते का फायदा उठाकर उसने दुर्गाकुंड स्थित उपडाकघर में अपना और पीड़िता का संयुक्त खाता खुलवाया। 
Trending Videos


आरोप है कि पीड़िता ने अपने खाते से करीब 81 लाख रुपये संयुक्त खाते में ट्रांसफर किए। इनमें से 25 लाख रुपये एमआईएस स्कीम में जमा कराए गए, जबकि आरोपी ने संयुक्त खाताधारक होने का फायदा उठाते हुए लगभग 41 लाख रुपये विभिन्न योजनाओं में अपने नाम से जमा कर लिए।
विज्ञापन
विज्ञापन


जब पीड़िता को इस हेराफेरी की जानकारी हुई और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इन्कार करते हुए कहा कि अब सारा पैसा उसी का है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने 1.20 लाख रुपये की एफडी समय से पहले तुड़वाकर अपने खाते में भी ट्रांसफर कर लिए। 

इतना ही नहीं, आरोपी पर पीड़िता का गोल्ड, मोबाइल, स्कूटी की चाबी और पिता की पेंशन से जुड़े कागजात अपने पास रखने का भी आरोप है। मांगने पर वापस न करने और धमकी देने की बात भी सामने आई है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
  
छह नावें सीज, 6 पर प्राथमिकी दर्ज
मानकों के विपरीत नाव संचालन के खिलाफ दो सर्किल की पुलिस ने कार्रवाई की। दशाश्वमेध पुलिस ने ओवरलोडिंग और बिना लाइफ जैकेट के चल रही तीन नावों को सीज किया। वहीं भेलूपुर पुलिस ने भी तीन नावों को सीज करते हुए 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि रविवार को गंगा नदी में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना लाइफ जैकेट पहनाए सवारियों को घुमाने वाली तीन नावों को सीज कर दिया गया। अस्सी चौकी प्रभारी रणजीत श्रीवास्तव की तहरीर पर छह नाविकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दशाश्वमेध सर्किल में थाना प्रभारी संतोष सिंह और जल पुलिस प्रभारी सत्येंद्र ओझा ने भी जांच अभियान चलाया।  

694 ग्राम पंचायतों में बने 850 मतदान केंद्र

आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मतदाता सूची को दुरुस्त करने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। 22 अप्रैल तक मतदाता सूची का संशोधन पूरा कर लिया जाएगा और इसी दिन इसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिले में पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत के 40, ग्राम प्रधान के 694, बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) के 1007 और ग्राम पंचायत सदस्य के 1327 पदों पर चुनाव होना है। चुनाव की तैयारियों के तहत 694 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए 850 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 2592 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। 

सरकारी जमीन बचाने के लिए गठित हुई नागरिक सेवा समिति
गांधीनगर कॉलोनी में भूमाफियाओं के चंगुल से मुक्त कराई गई भूमि को बचाने के लिए रविवार को बैठक की गई। इसमें सर्वसम्मति से इस आंदोलन को आगे भी जनहित में जनता की लड़ाई लड़ते रहने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिक सेवा समिति नाम से समिति का पंजीकरण कराने का प्रस्ताव दिया गया और एकमत होकर पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। समिति के अध्यक्ष पद पर अशोक पटेल, सचिव पद पर वरुण सिंह, उपाध्यक्ष पद पर हरिशंकर मिश्र मंचल, कोषाध्यक्ष पद पर राजेश वर्मा गुड्डू और विधिक सलाहकार के पद पर राकेश मिश्र का मनोनयन किया गया। समिति के संरक्षक मंडल में राजीव सिंह पटेल, पार्षद संजीव चौरसिया, बब्बन प्रसाद राय, रघुनाथ यादव, धीरज सिंह, किस्मत अली, पारसनाथ समेत 11 सदस्यीय पदेन संरक्षक बनाए गए और समिति में 12 सदस्य संचालन समिति के रूप में बनाए गए। समिति के सचिव वरुण सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय नागरिक सेवा समिति का गठन जनहित के मुद्दों को हमेशा उठाने के उद्देश्य से किया गया है, जिसमें सभी पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करेंगे। समिति हमेशा रचनात्मक कार्य के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए कार्य करती रहेगी। 

इसे भी पढ़ें; वाराणसी पुलिस का एक्शन: होटल में युवती को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

दहेज में बाइक और दो लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला
दहेज में बाइक और दो लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर बड़ागांव पुलिस ने पति, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनियर विश्वनाथपुर निवासी मंजू देवी ने आरोप लगाया कि उसकी शादी 13 मई 2024 को शिवपुर थाना क्षेत्र के उमरपुरा निवासी अजीत पटेल से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि प्रताड़ना के कारण उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

खड़ी बाइक का चालान करने पर हंगामा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित पद्मश्री चौराहे के पास उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक ट्रैफिक कर्मी द्वारा घर के बाहर खड़ी बाइक का चालान करने की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, पास की मलिन बस्ती में रहने वाले एक युवक की बाइक उसके घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पद्मश्री चौराहे पर ड्यूटी में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने वाहन का नंबर फोटो के जरिए कैप्चर कर चालान प्रक्रिया शुरू कर दी। घर के बाहर खड़ी गाड़ी का चालान किए जाने से नाराज बस्ती की महिलाएं और पुरुष मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध जताने लगे। स्थिति को बढ़ता देख ट्रैफिक कर्मी वहां से हट गए। सूचना पर पहुंचे टीएसआई ने लोगों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि खड़ी गाड़ी का चालान नहीं किया जाएगा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी ली गई।  

शोध छात्र पर हमले के मामले में तीन नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज
बीएचयू के इतिहास विभाग के शोध छात्र सत्यम राय पर हमले के मामले में पुलिस ने भावेश उपाध्याय, एकांश सिंह और दर्शित पांडेय व चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित सत्यम राय ने बताया कि वह चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी स्थित हेमा अपार्टमेंट में रहते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ अपना खर्च चलाने के लिए निर्माण सामग्री सप्लाई करते हैं। नौ अप्रैल को आरोपी भावेश उपाध्याय ने उन्हें फोन कर नरिया गेट के सामने बुलाया, जहां पहुंचने पर भावेश और दर्शित पांडेय ने उनसे सप्लाई का काम छोड़कर केवल पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कही। इसके बाद शनिवार को फिर से फोन कर करौंदी के नंद नगर पार्क के पास बुलाया गया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

छात्र का लैपटॉप सहित बैग चोरी, प्राथमिकी दर्ज
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आईएमएस के पीएचडी स्कॉलर छात्र हिमांशु शर्मा का बिरला ग्राउंड से शुक्रवार को बैग चोरी हो गया। चोरी गए बैग में लैपटॉप, एटीएम, पैन कार्ड, बीएचयू आईडी और हेल्थ कार्ड थे। लैपटॉप में रिसर्च का डेटा था। छात्र की शिकायत पर लंका थाना में अज्ञात के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

आईएमएस बीएचयू में आग लगने पर अभाविप ने उठाए सवाल

आईएमएस बीएचयू में शनिवार को निदेशक कार्यालय के पास लगी आग पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं। कार्यकर्ताओं ने आईएमएस बीएचयू के निदेशक से मिलकर एक पत्रक सौंपा, जिसमें आगजनी की घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। निदेशक को दिए पत्र में अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा है कि आईएमएस के गोदाम में लगी आग की घटना से संस्थान में आग से निपटने की सुविधाओं पर सवाल खड़ा हो रहा है। घटना में लाखों रुपये की सामग्री जलकर नष्ट हो गई। बीएचयू इकाई के उपाध्यक्ष विश्वास त्रिपाठी और सह मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी आईएमएस, बीएचयू अस्पताल परिसर में आगजनी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 

34.70 लाख रुपये धोखाधड़ी में प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर निवासी मिथिलेश कुमार पंडित ने रियल एस्टेट कम्पनी के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित का आरोप है कि स्काई एफएक्स व स्काई ड्रीम होम कम्पनी के संचालकों ने खुद को एमडी बताकर निवेश के नाम पर उससे और उसके परिचितों से बड़ी रकम ली। आरोप है कि करीब 34.70 लाख रुपये चेक, नकद व ऑनलाइन माध्यम से लेने के बाद कम्पनी का कार्यालय बंद कर सभी फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, यह धनराशि सतीश भारती के माध्यम से दी गई थी। आरोपितों में सूरज कुमार गुप्ता, सत्येन्द्र गोस्वामी, रत्नेश देवगड़िया और सतीश कुमार शामिल हैं। प्रार्थी ने बताया कि मोबाइल रिकॉर्डिंग व चेक इसके साक्ष्य हैं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
 
नाबालिग से दुष्कर्म व धमकी देने के दो आरोपी गिरफ्तार
सिंधौरा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को महगांव के बगीचे के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रमोद उर्फ बबलू मौर्य (39) व आनंद मौर्य (33) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की बहन ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन के साथ आरोपी एक साल से जबरन संबंध बना रहा था। आनंद मौर्य ने भी नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि दोनों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता को अपने प्रभाव में लेकर उसका शोषण करते थे। फिलहाल दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

निर्माणाधीन मकान से सबमर्सिबल पंप चोरी

रोहनिया क्षेत्र के परमानंदपुर में निर्माणाधीन मकान से सबमर्सिबल पंप चोरी हो गया। जानकारी के अनुसार, शशिकला तिवारी के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी देखभाल के लिए एक चौकीदार रखा गया था। चौकीदार ने बताया कि वह रात करीब 11 बजे तक जाग रहा था। सुबह उठने पर देखा कि मौके से सबमर्सिबल पंप गायब था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

छात्र से मारपीट, प्राथमिकी दर्ज 
रोहनिया क्षेत्र के पंडितपुर निवासी अभिषेक कुमार चौबे ने मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार 2 अप्रैल को वह धनपालपुर गांव में बाबूलाल मौर्य के यहां गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गया था। यहां मानसिंह मौर्य ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद आरोपित ने उनके चचेरे भाई सूरज के मोबाइल पर फोन कर गाली और जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन मानसिंह मौर्य अपने भाई जय मौर्य के साथ पंडितपुर स्थित उनके कटरे पर पहुंचा और लाठी से हमला कर दिया। अभिषेक कुमार चौबे ने बताया कि वह दिव्यांग है और डीएलएड (चतुर्थ सेमेस्टर) के छात्र हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

जमीन के नाम पर 32.20 लाख की ठगी
पाण्डेयपुर निवासी सेवानिवृत्त महेन्द्र कुमार से जमीन खरीद के नाम पर 32.20 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस आयुक्त निर्देश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात हरहुआ निवासी रवि कुमार से हुई, जिसने मौजा लोहान में अपने नाना मोतीलाल की जमीन दिखाकर सौदा तय किया। दो सितंबर को उपनिबंधक कार्यालय में बैनामा हुआ और पूरी रकम आरटीजीएस व चेक से दी गई। 11 अक्टूबर को कब्जा लेने पहुंचने पर असली मोतीलाल ने जमीन बेचने से इनकार कर दिया। आरोप है कि फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित रजिस्ट्री कराई गई। विरोध पर मारपीट और धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed