वाराणसी: किन्नर से मारपीट और छेड़खानी, चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी; छह लाख नकदी और आभूषण चोरी
रसूलगढ़ में एक किन्नर ने युवक पर घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी और तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, घर से छह लाख रुपये नकद और आभूषण भी चोरी हुए। पुलिस ने आरोपी, उसके माता-पिता और दादी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विस्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र के रसूलगढ़ में एक किन्नर के घर में घुसकर मारपीट, छेड़खानी और तेजाब फेंकने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक युवक पर छह लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने नामजद आरोपी और उसके माता-पिता व दादी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर की रात रसूलगढ़ निवासी गुलशन चौहान उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और छेड़खानी की। विरोध करने पर चेहरे पर तेजाब फेंककर जलाने की धमकी दी। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता अपनी मां के साथ गुरु के घर चली गईं। अगले दिन 14 नवंबर को जब वह वापस लौटीं तो कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर रखे बक्से से छह लाख रुपये नकद, 10 ग्राम सोने की चेन और करीब ढाई ग्राम की सोने की बाली गायब थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी घर से नकदी और आभूषण चोरी कर ले गया।
पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी गुलशन चौहान ने उन्हें फोन किया। संदेश भिजवाया कि यदि वह उसके साथ रहेंगी, तभी चोरी किया गया सामान वापस करेगा। इस तरह सामान लौटाने के लिए साथ रहने की शर्त रखी गई। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को थाने बुलाया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ पहुंचे माता-पिता और दादी ने भी गाली-गलौज शुरू कर दी।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गुलशन चौहान, उसके माता-पिता और दादी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शैलेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
