Uk: गैस किल्लत की आंच से झुलसा स्ट्रीट फूड का जायका, व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने से 500 से अधिक ठेले रहे बंद
व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने से हल्द्वानी में स्ट्रीट फूड कारोबार प्रभावित हो गया है और 500 से अधिक ठेले बंद हो गए हैं।
विस्तार
ईरान के साथ इस्राइल और अमेरिका के युद्ध के कारण सरकार ने व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी है। इसका असर स्ट्रीट फूड पर पड़ा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों राजमा-चावल, कड़ी-चावल, छोले-भटूरे, छोले-कुलचे परोसने वाले 500 से अधिक ठेले बंद हो गए हैं।
नगर निगम में 1873 स्ट्रीट वेंडर्स पंजीकृत हैं जबकि हकीकत में शहर में इनका आंकड़ा चार हजार से अधिक हैं। निगम के अधिकारियों के मुताबिक इन स्ट्रीट वेंडर्स में से करीब 1200 स्ट्रीट फूड परोसते हैं। मंगलवार से उन्हें व्यावसायिक सिलिंडर मिलना बंद हो गया है। नगर निगम ने भी सभी स्ट्रीट वेंडर्स से घर से बनाया खाना लाकर बेचने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को अमर उजाला टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान स्ट्रीट फूड विक्रेता हरीश बिष्ट और मोहन चंद्र भट्ट ने बताया कि व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने के कारण बुधवार को पांच सौ से अधिक ठेले वालों ने अपना कारोबार समेट लिया।
फूड कोर्ट व चौपाटी वाले भी परेशान
नगर निगम की पहल के बाद हाल के दिनों में शहर में कई लोगों ने अपनी खाली पड़ी निजी भूमि पर चौपाटी के नाम से वेंडर्स को स्थान आवंटित किए थे। मंगलवार से पहले हल्द्वानी से लेकर काठगोदाम तक फूड कोर्ट और चौपाटी में खासी चहल-पहल थी। बुधवार शाम इन चौपाटी में भी खाद्यान परोसने वाले अधिकतर ठेले बंद मिले।
व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद निगम ने सभी स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को घर से खाना बनाकर लाने के निर्देश दिए हैं। फड़ ठेलों में खाना बनाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिस दुकानदार के पास कुकिंग गैस नहीं होगी उसने अपनी दुकान बंद कर दी होगी। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति होने के बाद व्यवस्था फिर से पटरी पर आ जाएगी। -परितोष वर्मा नगर आयुक्त हल्द्वानी