Udhamsingh Nagar: सितारगंज में लूट और फायरिंग मामला, गैंगस्टर समेत तीन अभियुक्त गिरफ्तार
सितारगंज में चाकू के बल पर लूटने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले गैंगस्टर समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
पुलिस ने सितारगंज में चाकू के बल पर बाइक लूटने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में गैंगस्टर समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों मुख्य अभियुक्त पिता-पुत्र हैं। इनके कब्जे से तमंचा बरामद भी किया गया है। मामले में एक अभियुक्त पहले ही दबोचा जा चुका है।
बृहस्पतिवार को एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि बीते मंगलवार को लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह ने डायल-112 पर सूचना दी कि औदली में दो लड़के आए और उसकी गर्दन पर तलवार रख कर बाइक लूट कर ले गए। सूचना पर दरोगा ललित चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे जहां पीड़ित ने बताया कि ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक अन्य साथी ने बाइक लूटी और दोनों भरौनी गांव की ओर भाग गए।
इस पर दरोगा ललित टीम के साथ गुरमीत सिंह के घर पहुंचे। गुरमीत, उसका भाई मक्खन सिंह व पिता मोहन सिंह और एक अन्य व्यक्ति घर के आंगन में खड़े थे। जैसे ही चारों ने पुलिस को देखा तो गुरमीत, उसका भाई, पिता व एक अन्य घर के अंदर गए और तलवार व पाटल लाकर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। इस बीच गुरमीत ने तमंचे से पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में दरोगा ललित चौधरी ने दो राउंड फायर किए जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने पीछा कर मोहन सिंह को मौके से पकड़ लिया। गुरमीत उसका भाई मक्खन सिंह व एक अन्य भागने में सफल रहे। पुलिस ने सभी हमलावरों पर प्राथमिकी की और फरार तीनों की तलाश शुरू कर दी। बुधवार देर रात टीम ने भरौनी सितारगंज निवासी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू व गुरमीत सिंह को नगला रोड से पाटल के साथ हिरासत में लिया। मक्खन सिंह को तमंचे के साथ ग्राम नलई के लिए जाने वाले रास्ते से दबोचा गया। इस मामले में अभियुक्तों पर आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई है। अभियुक्त गुरमीत सिंह उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में उपचाराधीन है। मक्खन सिंह व इंद्रजीत सिंह को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
आत्मरक्षा में चली गोली गैंगस्टर समेत दो अभियुक्तों की जांघ में लगी
जब पुलिस लूटी हुई बाइक बरामद करने अभियुक्तों के घर भरौनी सितारगंज पहुंची तो गैंगस्टर गुरमीत सिंह ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में दरोगा ललित चौधरी ने पिस्टल से दो राउंड गोली चलाई। अंधेरे में एक गोली गुरमीत सिंह और दूसरी गोल इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू के बायीं जांघ में लगी। अभियुक्त घायल होने के बाद भी फरार हो गए थे। बुधवार देर रात जब अभियुक्तों को जब गिरफ्तार किया गया तब इन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से चलाई गई गोली में वे घायल हुए हैं। मुठभेड़ में घायल गुरमीत का सितारगंज उप जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि इंद्रजीत को इलाज के बाद जेल भेज दिया है।
गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज
पुलिस गिरफ्त में आए मुख्य अभियुक्त गुरमीत सिंह पर गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मामले सितारगंज थाने में दर्ज हैं। इसी तरह मोहन सिंह, इंद्रजीत सिंह व मक्खन सिंह पर दो-दो मामले दर्ज हैं।