बिहार के वैशाली जिले में बोलेरो चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई जब ग्रामीणों ने मौके पर ही दो चोरों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपियों को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी की कोशिश के दौरान पकड़े गए चोर
घटना वैशाली थाना क्षेत्र के मतैया पंचायत की है। बताया जा रहा है कि चौक पर चार से अधिक चोर बोलेरो गाड़ी चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वाहन मालिक को आहट मिल गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।
भागते समय दो चोर दबोचे गए
ग्रामीणों को आता देख चोर भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से बांध दिया और जमकर पिटाई कर दी। घटना की आवाज सुनकर और भी लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया, क्योंकि इससे पहले भी इस इलाके में कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों की चोरी हो चुकी है। लोगों ने पकड़े गए चोरों पर कड़ी कार्रवाई और पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग की।
एक आरोपी मुजफ्फरपुर, दूसरा वैशाली का निवासी
पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया एक आरोपी मुजफ्फरपुर जिले के चैनपुर का रहने वाला है, जबकि दूसरा वैशाली थाना क्षेत्र के भागवतपुर का निवासी है। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर अपनी अभिरक्षा में लिया। पुलिस लगातार लोगों को समझाने का प्रयास करती रही और स्थिति को नियंत्रण में किया।
ये भी पढ़ें- -Bihar News : राज्यसभा जाने से पहले सीएम पहुंचे बिहटा, निर्माणाधीन एयरपोर्ट सहित एलिवेटेड पथ का किया निरीक्षण
प्रत्यक्षदर्शी और पुलिस का बयान
स्थानीय निवासी राजकिशोर सिंह ने बताया कि बोलेरो चोरी करने चार चोर आए थे, लेकिन जैसे ही लोगों को जानकारी मिली, सभी इकट्ठा हो गए और चोर भागने लगे। इस दौरान दो को पकड़ लिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि बोलेरो चोरी की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां दो चोरों को लोगों ने पकड़ रखा था। दोनों का रेस्क्यू कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।