बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में होली के मौके पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अबीर खेलने जा रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात फोर व्हीलर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक गांव में होली के अवसर पर अबीर खेलने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद वाहन गड्ढे में पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।मृतक की पहचान पंडारक निवासी 32 वर्षीय भुल्ला के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान हरिहर महतो और झौरी महतो के रूप में की गई है।
फोर व्हीलर ने टक्कर मार दी
घायल के चाचा अमीरक महतो ने बताया कि तीनों अबीर खेलने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही फोर व्हीलर ने टक्कर मार दी। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें- Nitish Kumar : राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति के बाद अब नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद! ऐसी चर्चा से फायदे में कौन?
दुर्घटनाग्रस्त वाहन गड्ढे में पलट गया
घायल झौरी महतो ने बताया कि वे थाना के पास अपनी साली के यहां अबीर खेलने जा रहे थे। अचानक सामने से आ रही गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी की मौत की जानकारी उन्हें अस्पताल पहुंचने के बाद मिली। थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन गड्ढे में पलट गया है और चालक फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।