बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सविता सिनेमा हॉल के समीप एनएच-31 पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंटर के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान मलाही गांव निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आनंद कुमार मलाही गांव से बाढ़ स्थित आरके मैरेज हॉल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सविता सिनेमा हॉल के पास एनएच-31 पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी सौरव कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ। उन्होंने बताया कि बाइक सड़क किनारे गिरी हुई थी और युवक अचेत अवस्था में पड़ा था। परिजनों के अनुसार आनंद कुमार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे बारात में शामिल होने के लिए घर से निकला था। हादसा कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
पढ़ें: शिवरात्रि के बाद से था लापता युवक, गंगा ब्रिज के पास कार में मिला शव; पिता ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने आशंका जताई है कि संभवतः किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी होगी, जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर पोल से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी समारोह का माहौल भी मातम में बदल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।