जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात सांप्रदायिक तनाव व हिंसक टकराव के बाद दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। शुक्रवार को क्षेत्र के बाजार बंद रहे और सुरक्षा की दृष्टि से पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी बना रहा। उपद्रव के मामले में पुलिस ने 49 लोगों को हिरासत में लिया है।
सिहोरा के आजाद चौक इलाके में आमने-सामने दुर्गा मंदिर और मस्जिद है। मंदिर में गुरुवार की रात को आरती के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद ग्रिल तोड़ने की घटना से तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। इसके बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। दोनों पक्ष के लोग डंडे-रॉड लेकर आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान दुकानों व सड़कों पर खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई।
तनाव व उपद्रव की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंच गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आठ से दस राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े तथा बलप्रयोग कर लोगों को खदेड़ा।
ये भी पढ़ें-
सिहोरा में सांप्रदायिक तनाव बरकरार, भारी पुलिस बल तैनात; हिरासत में 18 से अधिक उपद्रवी
हिंदू संगठन ने थाने के बाहर पढ़ी हनुमान चालीसा
घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने रैली निकालते हुए थाने पहुंचकर सख्त कार्यवाही की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान लोगों ने एक दुकान पलटा दी थी। इसके बाद थाने के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया था।
चार केस दर्ज, सभी 49 आरोपी हिरासत में
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा में बताया कि पुलिस कुल चार एफआईआर दर्ज की है। तोड़फोड़ तथा पथराव करने के आरोप में 49 व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी 49 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। इसके अलावा एक महिला के घर में जबरदस्ती घुसने तथा रैली के दौरान उपद्रव किए जाने की अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रित है और सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। कस्बे में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।