दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर सूने मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के गहने,नकदी, वाहन, मोबाइल फोन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नेहरू नगर पश्चिम निवासी स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल ने सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 4 मई 2026 को वे परिवार के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। दूसरे दिन घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे और अलमारी में रखे सोने, हीरे, चांदी के गहने और करीब 3 लाख 40 हजार रुपए नकद गायब थे। शिकायत के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।पुलिस की तकनीकी जानकारी और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफलता पाई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे और उसके बाद मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी हारिम और मोहम्मद नासिर हुसैन अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने चोरी के बाद जेवरात को मेरठ के एक ज्वेलर्स को बेच दिया गया था और नकदी आपस में बांट ली गई थी। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने और हीरे के आभूषण,चांदी के सामान,नकदी,जुपिटर वाहन,सेल्टोस कार, मोबाइल फोन और ताला तोड़ने के औजार जब्त किए हैं। मामले में चोरी के माल को खरीदने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने यूपी और दिल्ली में रहने वाले इन 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में हारिम निवासी मेरठ,मो नासिर हुसैन निवासी नई दिल्ली,मो कासिम निवासी मेरठ,सलीम मेरठ,मो बिलाल निवासी मेरठ और दिन मोहम्मद निवासी मेरठ शामिल है।पकड़े गए आरोपियों पूर्व भी छग के अलावा अन्य राज्यों में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।