जांजगीर-चांपा जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन बदमाश फैजल खान को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी जिला बदर होने के बावजूद चोरी-छिपे चांपा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, चांपा निवासी फैजल खान को जिला दंडाधिकारी के आदेश पर एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और बलौदाबाजार जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद वह आदेश की अवहेलना करते हुए चांपा क्षेत्र में रह रहा था।
पढे़ं: छत्तीसगढ़ कैबिनेट का बड़ा फैसला, 500 करोड़ का AI मिशन, BEML प्लांट समेत कई प्रस्ताव मंजूर
मुखबिर से सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 तथा अन्य प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद उसे कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिलाबदर के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।