जांजगीर-चांपा के बलौदा क्षेत्र स्थित महावीर कोलवाशरी से 19.75 टन कोयले के गबन के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दो ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना दूसरे वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर फर्जी कांटा पर्ची जारी की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, महावीर कोलवाशरी में कार्यरत राजकुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर पहुंचे दो ट्रकों की तौल के दौरान गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को कोयले की मात्रा कम होने का संदेह हुआ।
जांच में सामने आया कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने संबंधित ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी। इसके बाद दोनों ट्रकों को कोल यार्ड में अनलोडिंग के लिए भेज दिया गया।
पढ़ें: नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए सरकार का बड़ा प्लान: 109 शहीद स्मारक बनेंगे; लंबित मामलों पर चलेगा विशेष अभियान
अनलोडिंग के दौरान कोयले की मात्रा कम मिलने पर दोनों ट्रकों की दोबारा तौल कराई गई। जांच में एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई।
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार यादव उर्फ सीट (24) और जावेद खान (23), दोनों निवासी पाली चौकी नैला, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।